विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाम 6-8 तक नहीं कटेगी बिजली, बारिश से टूटी सड़कें जल्द होंगी दुरुस्त; मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के आदेश

Published: Wed, 23 Sep 2026 01:56 PM (IST)

अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण ...और पढ़ें

कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल जिले के प्रभारी मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण व साथ में अन्य जनप्रतिनिधि व पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, सौ. प्रशासन

कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल जिले के प्रभारी मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण व साथ में अन्य जनप्रतिनिधि व पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, सौ. प्रशासन

HighLights

  1. शाम 6 से 8 बजे तक ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती नहीं होगी।

  2. बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत जल्द से जल्द की जाए।

  3. किसानों को पर्याप्त खाद और पात्र लोगों को आवास का लाभ मिले।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द व गुणवत्तापूर्ण मरम्मत, किसानों को पर्याप्त खाद, गांवों में निर्बाध बिजली व पात्र लोगों को आवास का लाभ दिलाने पर मंगलवार को जोर रहा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनता से सीधे जुड़े मामलों में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर रखा जाए और निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी हों। शाम को छह से आठ बजे तक ग्रामीण क्षेत्र में बिल्कुल भी बिजली की कटौती न की जाए।

बैठक में किसानों से जुड़े मामलों की समीक्षा में मंत्री ने उर्वरक की उपलब्धता व वितरण की जानकारी ली। जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि जिले की 105 समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध है। कालाबाजारी व नकली खाद के खिलाफ छापेमारी कर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई हैं।  

अधूरे आवासों के आवंटन का प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा

मंत्री ने निर्देश दिया कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध हो। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। किसानों को दिन में निर्बाध 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और शाम छह से आठ बजे तक ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती नहीं करने को कहा गया। बरसात से खराब हुई सड़कों की मरम्मत जल्द कराने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- नाना रहे बिहार के DGP, माता-पिता भी सिविल सेवा में, अब IAS अनुनय झा बने मुरादाबाद के नए डीएम

साइबर में 900 से अधिक मोबाइल बरामद

कानून-व्यवस्था की समीक्षा में एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत 1.47 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान में 900 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- UP Weather: आज से बारिश का नया दौर शुरू, लखनऊ समेत 40 जिलों में होगी अच्छी बरसात

शहर की यातायात व प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के साथ गूगल सर्वे के आधार पर इसे और बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। दहेज हत्या के मामलों में विद्यार्थियों व अविवाहित लड़कियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने में विशेष सतर्कता बरतने तथा पॉक्सो व एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में पीड़ितों को न्यायपूर्ण सहायता उपलब्ध कराने की बात भी समीक्षा में सामने आई।

6597 परिवारों को आवास, अब बाकी का आवंटन

  • समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के 1178 व प्रधानमंत्री आवास योजना के 5419 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
  • विभिन्न योजनाओं में आवास बनने के बाद अपरिहार्य कारणों से जिनका आवंटन नहीं हो सका है, उनके आवंटन का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने दिए। इससे तैयार आवासों को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
  • जिले के छह बाढ़ प्रभावित गांवों की कार्ययोजना बनाकर उन्हें वीबी-जी राम जी योजना में शामिल किया गया है।
  • जननी सुरक्षा योजना में 17128 भुगतान स्वीकृत किए गए हैं।
  • प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का सत्यापन चल रहा है।
  • प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 17284 दावों का शत-प्रतिशत निस्तारण होने की जानकारी दी गई और कोई दावा लंबित नहीं बताया।
  • मंत्री ने फसल बीमा, किसान सम्मान निधि का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर सांसद सतीश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, मेयर प्रशांत सिंघल, विधायक अनिल पाराशर, विधायक मुक्ता संजीव राजा, विधायक ठा. रवेन्द्रपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, डीएम अविनाश कुमार, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, एडीए वीसी कुलदीप मीणा समेत अन्य मौजूद रहे।