बिहारी नगर में दुश्वारियां झेल रहे क्षेत्रीय लोग, मंजूर हुईं सड़कें नहीं बनी Aligarh News
पार्क चौराहों को चमकाने में जुटा नगर निगम गली-मोहल्लों की बदहाली देखकर भी अनदेखा कर रहा है।
जेएनएन [अलीगढ़] : पार्क, चौराहों को चमकाने में जुटा नगर निगम, गली-मोहल्लों की बदहाली देखकर भी अनदेखा कर रहा है। सासनीगेट क्षेत्र में वार्ड संख्या 16 के मोहल्ला बिहारी नगर में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं। नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। यही नहीं, घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। हैंडपंप इतने नहीं है कि पेयजल की पूर्ति कर सकें। जो सड़कें मंजूर हो चुकी हैं, वे अभी तक नहीं बनीं। 'जागरण आपके द्वारÓ के तहत रविवार को जागरण टीम ने क्षेत्रीय लोगों की इन्हीं दुश्वारियों का जायजा लिया।
इस इलाके में ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं। सड़क, सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति की इनकी मांग वर्षों पुरानी है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो मोहल्ले में साफ-सफाई की कोई व्यवस्था निगम द्वारा नहीं की गई। सफाई कर्मचारी महीने में एक बार ही आते हैं। नालियों की गंदगी सड़क पर डाल दी जाती हैं, जो फिर उठती नहीं। कई सड़कें उखड़ी पड़ी हैं, निकासी न होने से नालियों का पानी घरों के सामने भर जाता है। बड़ी समस्या दूषित पेयजल की है, जिसका समाधान नहीं किया गया।
नहीं बन सकीं सड़कें
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में एक सीमेंटेड सड़क बन रही है। बाकी इंटरलॉकिंग हैं, जो कई साल पहले बनी थीं और जगह-जगह से उखड़ चुकी हैं। आधा दर्जन सड़कें मंजूर हैं, जिन्हें बनाया नहीं जा रहा। क्षेत्रीय पार्षद का कहना है कि एक लगभग बन चुकी है, तीन अभी बननी हैं।