रालोद ने हाथरस व अलीगढ़ के बिजलीघरों पर प्रदर्शन कर दिया जोर का झटका
प्रदेश व्यापी आंदोलन पोल खोलो, धावा बोल अभियान के तहत रालोद ने बिजली घरों पर दिया धरना।
अलीगढ़ : रालोद के प्रदेश व्यापी आंदोलन पोल खोलो, धावा बोल अभियान के तहत सोमवार को हाथरस और अलीगढ़ के 33 केवी बिजलीघरों पर प्रदर्शन कर जोर का झटका दिया। साथ ही प्रदेश सरकार की नीतियों का विरोध कर बढ़ी बिजली की दरों को वापस करने की मांग की। हाथरस में सासनी, मुरसान व सादाबाद आदि जगहों पर रालोद के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर प्रदर्शन किया।
हाथरस जनपद के ब्लॉक मुरसान में रालोद कार्यकर्ता बिजली घर पहुंच गए। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों की निंदा की और मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीओ को दिया। सासनी के बिजली घर पर भी धरना शुरू कर दिया गया। सादाबाद में 132 केवी के वाले बिजली घर पर रालोद के कार्यकर्ता व पदाधिकारी धरने पर बैठ गए। खास बात यह है कि हाथरस के सादाबाद में जाट बाहुल्य क्षेत्र होने की वजह से रालोद के कार्यकर्ता यहां ज्यादा सक्रिय दिखाई दिए।
अलीगढ़ की तहसील इगलास में रालोद के पोल खोल, धावा बोल कार्यक्त्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने इगलास बिजली घर पर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में योगी -मोदी और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने बढ़ी हुई बिजली दरों को कम करने की माग की। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, अवधेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, योगेंद्र पाठक, पदम कुमार, प्रभु सिंह, रामवीर उपाध्याय, विनोद कुमार, दीपेश चौधरी, कुमार पाल सिंह, पूरन सिंह आदि थे। अलीगढ़ में रालोद के जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने किसानों के हित व बिजली की बढ़ाई गई दरों के विरोध में इस आंदोलन का एलान किया है। इस फरमान के बाद सोमवार को बिजली घरों पर प्रदर्शन किया गया। इसके लिए पहले ही हर विधानसभा के प्रभारी नियुक्त कर दिए गए थे। खैर में पूर्व विधायक भगवती प्रसाद व मनोज दिवाकर, इगलास में पूर्व विधायक त्रिलोकीराम दिवाकर, गोरई में डॉ. हरचरन सिंह, बेसवां रामवीर सिंह व चौ. हंबीर सिंह, बरौली में नीरज शर्मा, सारसौल में डॉ. इरफान, शहर में अध्यक्ष अब्दुला शेरवानी, जियाउर्रहमान, प्रतीक चौधरी, अतरौली में रामवीर सिंह, आसना में दुर्ग उपाध्याय, कासिमपुर में संतोषी धनगर, छर्रा में सुनील चौधरी आदि के नेतृत्व में प्रदर्शन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई।