Save Democracy Rally: रालोद नेताओं ने प्रदेश व केंद्र सरकार पर साधा निशाना Aligarh News
कृषि बिल को किसान विरोधी बताते हुए हाथरस कांड में पूर्व सांसद जयंत चौधरी पर हुए लाठीचार्ज के बाद रालोद नेता भाजपा के सुशासन के नारे को आइना दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। रालोद कार्यकर्ताओं ने बैठक कर मोदी-योगी सरकार पर निशाना साधा।
अलीगढ़,जेएनएन। इगलास में कृषि बिल को किसान विरोधी बताते हुए हाथरस कांड में पूर्व सांसद जयंत चौधरी पर हुए लाठीचार्ज के बाद रालोद नेता भाजपा के सुशासन के नारे को आइना दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। शनिवार को रालोद कार्यकर्ताओं ने हाथरस मार्ग स्थित चाची गेस्ट हाउस में बैठक कर मोदी-योगी सरकार पर निशाना साधा। वहीं 12 अक्टूबर को मथुरा में होने वाली छोटे चौधरी की लोकतंत्र बचाओ रैली को सफल बनाने के लिए विचार विमर्श किया।
किसानों की समस्याएं बढ़ी
विधानसभा प्रभारी संजय कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि विकास का दावा कर सत्ता में आने वाली सरकार विकास के नाम पर कुछ नहीं कर पाई। किसानों की समस्याएं कम होने की जगह और बढ़ गईं। लूट खसोट की वारदातें चरम पर हैं। हाथरस में पीडि़ता के परिवार से मिलने गए पूर्व सांसद जयंत चौधरी की हत्या का प्रयास लोकतंत्र की हत्या है। पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी से प्रदेश नहीं सभल रहा है। हत्या, लूट, दुष्कर्म जैसी संगीन घटनाएं हो रही हैं। अपनी नाकामी छुपाने के लिए सरकार पुलिस प्रशासन को आगे कर कार्रवाई करा रही है। इगलास क्षेत्र से 12 अक्टूबर को लोकतंत्र बचाओ रैली को सफल बनाने के लिए उनके नेतृत्व में 100 गाडिय़ों में भरकर किसान मथुरा के लिए कूच करेंगे।