पानी में डूबा शहर पर किसानों को मिली राहत Aligarh news
रिमझिम बारिश फसलों के लिए संजीवनी है। लेकिन निचले इलाकों में पानी भरने से वहां लोगों को दिक्कत हुई।
अलीगढ़, जेएनएन। मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी बदला-बदला सा है। आसमान पर हल्के बादल छाए रहे, हवा भी मध्यम गति से बह रही थी। सुबह से ही बादल घिर आए और बरसने लगे। हवाओं ने भी रफ्तार पकड़ ली। रिमझिम बारिश में तेज हवा हल्की ठंड का एहसास करा रही है। उमस से तिलमिला रहे लोगों को जहां बारिश ने राहत दी, वहीं किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान उभर आयी।
नालों की निकासी को दौड़ी निगम की टीमें
गुरुवार को आधा घंटे हुई बारिश ने जहां उमस भर्ती गर्मी से राहत दी, वहीं कई क्षेत्रों में जलभराव ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दीं। नालों की निकासी अवरुद्ध होने से मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। नगर निगम की टीमें शाम तक नालों की सफाई में जुटी रहीं। आसमान सुबह साफ रहा, लेकिन दोपहर के वक्त बादल घिरने लगे थे। कुछ देर बाद ही बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से लोगों ने राहत महसूस की, किसानों को भी तसल्ली हो गई, लेकिन आधा घंटे की इस बारिश से जलभराव की समस्या पैदा हो गई। रामघाट रोड, मैरिस रोड, गुरुद्वारा रोड, नई बस्ती, खैर रोड आदि क्षेत्रों में पानी भर गया। बारिश थमने पर नगर निगम की टीमें दौड़ पड़ीं। नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल ने बताया कि भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जीएम जल, सहायक नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य अभियंता समेत सभी जोनल अधिकारियों को अपने सीयूजी नंबर एक्टिव रखने व अपने क्षेत्रों में जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गूलर रोड, शाहजमाल, सराय रहमान, छर्रा अड्डा, इगलास रोड, शक्तिनगर पोखर, गूलर रोड पोखर पंङ्क्षपग स्टेशन आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर पंङ्क्षपग स्टेशन पूरी क्षमता से चलाने को कहा है। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की हिदायत दी है।
बिजली आपूर्ति रही ठप
गुरुवार को कई इलाकों में सुबह से ही बिजली व्यवस्था लडख़ड़ाती रही। बिजली आने-जाने का क्रम शाम तक चला। दोपहर को बारिश होने के चलते एक घंटे आपूर्ति ठप रही। सासनीगेट, देहलीगेट व गांधीपार्क क्षेत्र में लोकल फॉल्ट ने भी समस्या बढ़ा दी।
नगर निगम की लापरवाही से परेशान क्षेत्रवासी
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परवेज अहमद जमालपुर क्षेत्र के वार्ड नंबर 50 व वार्ड नंबर 62 के बीच जाफरी ड्रेन की सफाई को लेकर प्रदर्शन किया था। नगर निगम को पत्र भी लिखे लेकिन सिल्ट सफाई करने की बजाय एक दिन काम शुरू करके खानापूर्ति कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में ड्रेन का पानी सड़कों पर आ जाता है। उन्होंने नगर निगम अधिकारी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि इस नाले की सफाई कराई जाए। महानगर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मो. सुहेब व सौरभ द्विवेदी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उक्त नाले की जल्द सिल्ट सफाई कराई जाए। अन्यथा अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को बाध्य होंगे।