वाहनों के चालान में आई कमी, मास्क पर जोर Aligarh News
कोरोना काल में पुलिस की कार्यशैली फिर से बदल गई है। पिछले साल की तरह पुलिस लोगों को जागरूक करने व उनकी मदद करने में जुट गई है। ऐसे में सख्ती भी कम हुई है। वाहनों के चालान की संख्या में कमी आना इसका प्रमाण है।
अलीगढ़, जेएनएन। कोरोना काल में पुलिस की कार्यशैली फिर से बदल गई है। पिछले साल की तरह पुलिस लोगों को जागरूक करने व उनकी मदद करने में जुट गई है। ऐसे में सख्ती भी कम हुई है। वाहनों के चालान की संख्या में कमी आना इसका प्रमाण है। वहीं दूसरी तरफ मास्क न पहनने पर वालों पर कार्रवाई का ग्राफ बढ़ गया है। दिनभर में जहां पांच सौ वाहनों के चालान होते हैं, वहीं तीन सौ बिना मास्क के चालान हो जाते हैं।
पुलिस ने ताबड़तोड़ चालान काटे
शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने कई बिंदुअों पर कार्ययोजना बनाई थी। इसी क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के पुलिस ने ताबड़तोड़ चालान काटे। लेकिन, कोरोना काल में पुलिस की चालान काटने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पहले रोजाना औसतन एक हजार चालान काटे जा रहे है। लेकिन, अब यह संख्या आधी रह गई है। अब औसतन चार-पांच सौ चालान हो रहे हैं। पुलिस का फोकस मास्क के चालान काटने पर है। मास्क न पहनने वालों के रोज तीन से ज्यादा चालान काटे जा रहे हैं। वहीं पुलिस का जोर है कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति मास्क पहने।
हर थाने में बनाई फ्लाइंग स्क्वायड
मास्क न पहनने वालों को सबक सिखाने के लिए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने हर थाने में फ्लाइंड स्क्वायड बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके जरिये लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाएगी व सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कोरोना की गाइडलाइन का प्रभावी पालन कराया जाएगा। फ्लाइंग स्क्वायड पीए सिस्टम के माध्यम से लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षा व बचाव के बारे में जागरूक करेगी। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ थाना स्तर पर अधिक से अधिक चालान व प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी व एसपी देहात इस अभियान पर निगरानी रखेंगे।