विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ की रामघाट रोड पर मिलेगी पार्किंग और हरियाली, सफर होगा जाम मुक्त

Published: Wed, 08 Apr 2026 03:37 PM (IST)

अलीगढ़ की रामघाट रोड को सीएम ग्रिड योजना के तहत 24.39 करोड़ रुपये से विकसित किया जाएगा। इसमें पार्किंग सुविधा, इंटरलॉकिंग फुटपाथ, आकर्षक लाइटिंग और थीम आधारित पौधारोपण शामिल है।

रामघाट रोड पर होगी पार्किंग और हरियाली।

रामघाट रोड पर होगी पार्किंग और हरियाली।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सीएम ग्रिड योजना में शामिल रामघाट रोड को स्तरीय व आकर्षक बनाया जाएगा। मीनाक्षी पुल से क्वार्सी थाना तक लगभग 2.65 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पूर्व में सीसी सड़क निर्माण का काम शामिल था। नगर निगम स्तर से नाला का मरम्मतीकरण भी कराया जा रहा था। ये सड़क 15.69 करोड़ रुपये से तैयार की जानी थी।

मगर, अब इस सड़क को पार्किंग सुविधा, इंटरलाकिंग ईंट का फुटपाथ, आकर्षक लाइटिंग व थीम आधारित (एकरूपता वाले पेड़-पौधे) पौधारोपण से युक्त किया जाएगा। रामघाट रोड पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से हमेशा जाम की स्थिति रहती है। मगर अब पार्किंग स्थल बनने से इस सड़क पर जनता का सफर जाम मुक्त होगा।

सीएम ग्रिड योजना में शामिल होने के बाद बढ़ाए गए कार्य, बनेगी स्तरीय सड़क

शासन से एक बार निर्माण कार्य के लिए अनुमति मिलने के बाद दोबारा नए काम जोड़ते हुए नगर निगम की ओर से प्रस्ताव भेजा गया था। अब ये कार्य 24.39 करोड़ रुपये की लागत से कराए जाएंगे। हालांकि फुटपाथ व नाला का काम पूरा होने के बाद चौड़ी जगह की उपलब्धता के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की जानी है।

पूर्व में 15.39 करोड़ रुपये था बजट, अब लगभग 24 करोड़ रुपये से होंगे काम

अभी पराग रेस्टोरेंट के बाहर चौड़ी जगह व उसके सामने वाली साइड पर चौड़े फुटपाथ पर पार्किंग देने की संभावना तलाशी गई है। इसके अलावा मीनाक्षी पुल से क्वार्सी थाना तक बीच-बीच में चौड़े स्थानों पर पार्किंग के स्थान चिह्नित किए जाएंगे। रमेश विहार रोड की तरह ही इस सड़क पर भी आकर्षक लाइटिंग की जाएगी। इसके लिए बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने काम जारी है।

इंटरलाकिंग ईंट से फुटपाथ बनाने के साथ उसमें बोलार्ड भी लगाए जाएंगे। इसमें राहगीर सुरक्षित चल सकेंगे। वर्तमान में सड़क किनारे जहां-जहां भी मोटर साइकिल व कार की पार्किंग की जाती है वो मनमानी व अवैध है। अब नगर निगम की ओर से विधिवत संकेतक लगाकर पार्किंग स्थल को दर्शाया जाएगा।

एकरूपता वाले पेड़ लगेंगे 

रामघाट रोड पर थीम आधारित हरियाली भी की जाएगी। बैंगलुरू व चंडीगढ़ की तर्ज पर सड़क किनारे एकरूपता वाली हरियाली होगी। 25 से 30 फीट ऊंचाई के पेड़ों को भी यहां लगाया जाएगा। एक लाइन से वो पेड़-पौधे लगाए जाएंगे जिन पर एक जैसे फूल आएंगे। इससे सड़क की सुंदरता बढ़ेगी।

कैट आई की व्यवस्था

रात के समय वाहन चालकों व राहगीरों को सुगम सफर दिलाने के लिए सड़क पर कैट आई भी लगाई जाएगी। सड़क पर निशान लगाने व फुटपाथ पर मार्कर लगाने में प्रयोग होने वाली कैट आई पर सामने से आ रहे वाहन की लाइट पड़ती है तो मार्कर स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ते हैं।

जनता के बोल

'रामघाट रोड शहर का प्रमुख मार्ग है। इसको स्तरीय बनाने की पहल सराहनीय कदम है। कोशिश करनी होगी कि बरसात से पहले निर्माण कार्यों को पूर्ण किया जाएगा। वरना जनता दिक्कत झेलने को मजबूर होगी। लवेश अग्रवाल, रामघाट रोड'

'ये शहर की सड़कों पर नया प्रयोग है। इससे सुंदरता भी बढ़ेगी। मगर सड़क निर्माण के कार्य गुणवत्तापूर्ण हों। अभी भी रामघाट रोड पर कुछ टुकड़े दोबारा तोड़कर बनाए गए हैं। पार्किंग होने से जाम की समस्या खत्म होगी।' आदित्य, निरंजनपुरी

यह भी पढ़ें- एसडीएम बनीं श्वेता गुप्ता: गांव के जिस स्कूल से की पढ़ाई वहां हुआ उनका सम्मान, बच्चों को बताया कैसे प्राप्त करें सफलता ?

पहले साधारण तौर पर सड़क निर्माण का कार्य था। बाद में इसमें संशोधन व कई नए कार्य जोड़ते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। अब रामघाट रोड विश्वस्तरीय सड़कों की तरह तैयार की जा रही है। पार्किंग, आकर्षक लाइटिंग, थीम आधारित हरियाली समेत आदर्श सड़क जनता को मिलेगी।

-

प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त