राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के रिश्तेदार थे मृतक दंपती, तीन लोगों की हुई थी हत्या
राजस्थान के राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के रिश्तेदार दंपती और साधु की हुई थी हत्या। डीआइजी व एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया मुआयना।
अलीगढ़ : राजस्थान के राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के रिश्तेदार दंपती और साधु की शुक्रवार देररात गांव सफेदपुरा में हत्या कर दी गई थी। पति-पत्नी के शव धान के खेत में मिले, जबकि कुछ दूर स्थित आश्रम में साधु को मारा गया। तीनों के सिर व चेहरे पर रॉड या डंडे से वार किए गए हैं। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। खास बात यह है कि मृतक दंपती राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के रिश्तेदार थे।
जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर स्थित गांव सफेदपुरा निवासी साधु रूपदास बाबा करीब डेढ़ दशक से कलाई बंबा किनारे दुरेनी माता मंदिर पर आश्रम बनाकर रहते थे। शनिवार सुबह आश्रम में हलचल न देखकर किसी ने बरामदे में झांका तो रक्तरंजित शव दिखाई पड़ा। स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसपी देहात एम पाटीदार व अन्य अफसर लौट भी गए। तभी, आश्रम से करीब 600 मीटर दूर बंबा किनारे धान के खेत में गांव के ही योगेंद्र सिंह (40) व उनकी पत्नी विमलेश देवी (35) के शव पड़े मिले। दोनों ही रात 11 बजे मक्का के खेत में पानी व दवा छिड़कने गए थे। बड़ा बेटा देशराज सिंह जब तलाशते हुए खेत पर पहुंचा तो दगड़े पर इनकी चप्पलें मिलीं। जगह-जगह खून के धब्बे थे। इन्हीं के सहारे बेटा ग्रामीणों के साथ शवों तक पहुंचा। हत्यारे इन्हें पांच सौ मीटर से घसीटते हुए यहां लाए थे। इनके सिर व चेहरे पर रॉड व नुकीले हथियार का एक-एक निशान बताया गया है। दो और हत्याओं की खबर से सनसनी मच गई। राज्यपाल कल्याण सिंह के साढ़ू की बेटी पुष्पा, मृतक योगेंद्र सिंह के छोटे भाई बॉबी की पत्नी हैं। इस रिश्ते का पता लगते ही अफसरों में खलबली मची और मौके पर डीआइजी प्रीतेंदर सिंह, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी व देहात, तीन सीओ कई थानों की पुलिस, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड लेकर पहुंच गए। देरशाम पुलिस की मौजूदगी में साधु को आश्रम में समाधि दी गई, जबकि दंपती का दाह-संस्कार कराया गया।
दो मामले दर्ज
साधु रूपदास के भाई गिर्राज सिंह ने हरदुआगंज थाने में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। दूसरा मुकदमा दिवंगत योगेंद्र के भाई कुशलपाल ने दर्ज कराया है।
कुछ सुराग लगे हैं हाथ
डीआइजी प्रीतेंदर सिंह का कहना है कि हरदुआगंज में तीन की हत्या बड़ी घटना है। पुलिस गंभीरता से पड़ताल कर रही है। कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं, जिन पर जांच चल रही है। हत्यारों ने आश्रम में बना कमरा भी खंगाला था। इससे क्या ले गए, यह जांच में ही पता लगेगा।