चौपाल लगाकर गांव में जगाई शिक्षा की अलख Aligarh news
अगर हर नागरिक शिक्षित होगा तो देश विकसित और प्रगतिशील बनेगा। इसके लिए जरूरी है कि गांवों तक शिक्षा की अलख जगाई जाए। इसके लिए प्रतिष्ठा आइएएस एकेडमी इन दिनों अतरौली क्षेत्र में डटी है। अतरौली के गावों में प्रतिष्ठा आइएएस एकेडमी की ओर से चौपालों का आयोजन किया गया।
अलीगढ़, जेएनएन : अगर हर नागरिक शिक्षित होगा तो देश विकसित और प्रगतिशील बनेगा। इसके लिए जरूरी है कि गांवों तक शिक्षा की अलख जगाई जाए। इसके लिए प्रतिष्ठा आइएएस एकेडमी इन दिनों अतरौली क्षेत्र में डटी हुई है। एकेडमी के डायरेक्टर ना सिर्फ लोगों को जागरूक कर रहे हैं, बल्कि उन्हें शिक्षा का महत्व बताकर मुख्य धारा से जोड़ने में जुटे हुए हैं।
चौपालों का आयोजन
बुधवार को अतरौली के गावों में प्रतिष्ठा आइएएस एकेडमी की ओर से चौपालों का आयोजन किया गया। खुद प्रतिष्ठा आइएएस एकेडमी के डायरेक्टर व प्रतिष्ठा हेल्पलाइन के चेयरमैन डीआर यादव ने लोगों के बीच जाकर शिक्षा का महत्व समझाया। उन्हें प्रेरित किया कि अपने बच्चों को शिक्षित बनाएं, ताकि ज्ञान से कोई वंचित ना रहे। चौपाल के दौरान डीआर यादव ने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसा साधन है, जिससे आप का विकास हो सकता है। ऐसे में बच्चों को पढ़ाइए। सरकारी नौकरियों में भेजिए। अपने आप को पहचानिए। उन्होंने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने को कहा। डीआर यादव ने बताया कि बूंद-बूंद से घड़ा भरता है। ऐसे में एकेडमी की ओर से गांव-देहात में लोगों को जागरूक करने की पहल की गई है। गांव के लोग पढ़ेंगे, तो असर होगा। उनकी बातों पर लोग भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोगों ने कहा कि इस तरह पहले किसी ने शिक्षा के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई है। इसमें हम भी पूरा सहयोग करेंगे। उनकी टीम के साथ चंद्रमा यादव, दिनेश सिंह, अजय प्रताप, संजीव लाला साथ थे।