हाथरस में बारिश ने ढहाया कहर, करंट व गिरने से दो की मौत
शहर में कांशीराम कालोनी में बारिश के कारण बिजली के पोल में करंट आ गया था। इससे स्थानीय निवासी श्याम की मौत हो गई। वहीं साकेत कालोनी में बारिश में छत की सफाई करने से सहायक अध्यापक बल्लभ चतुर्वेदी का पैर फिसल गया।
हाथरस, जेएनएन। मंगलवार को दोपहर बाद से लेकर रुक-रुक कर हो रही मूसलधार बारिश का असर आम जिंदगी पर पड़ने लगा है। शहर के कांशीराम कालोनी में बिजली के पोल में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं साकेत कालोनी में एक शिक्षक की छत गिरने से मौत हो गई। वहीं हाथरस जंक्शन क्षेत्र में दो मकान गिरने से लाखों का नुकसान हुआ है। हसायन के मोहल्ला कछियान कला में भी एक मकान गिरने की खबर है।
यह है मामला
शहर में कांशीराम कालोनी में बारिश के कारण बिजली के पोल में करंट आ गया था। इससे स्थानीय निवासी श्याम की मौत हो गई। वहीं साकेत कालोनी में बारिश में छत की सफाई करने से सहायक अध्यापक बल्लभ चतुर्वेदी का पैर फिसल गया। इससे दो इससे उनकी मौत हो गई। अचानक हुए हादसे दोनों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव कैलोरा में अंसार पुत्र सील मोहम्मद का मकान गिरने से 50 हजार का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घर में परिवार के सदस्य नहीं सो रहे थे। वहीं कैलोरा चौराहा पर उदयवीर सिंह पुत्र मनीराम सिंह का मकान है। रात को दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मकान के अंदर रखा अलमारी व अन्य घरेलू सामान बेकार हो गया। परिवार के सदस्य उस समय बाहर थे। उदयवीर सिंह के अनुसार उनका करीब आठ लाख का नुकसान हुआ है। बराबर में खाली प्लाट है। इस प्लाट में छह फुट पानी भरा हुआ है। इस कारण नींव व दीवारों में पानी चले जाने से पूरा मकान गिर गया है। उदयवीर सिंह के अनुसार खाली प्लाट स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बेटे ने बचाई स्वजन की जान
उदयवीर सिंह का बेटा हरियाणा में नौकरी करता है। रात को वह घर आया था। रास्ते में पानी भरा होने के कारण वह बाहर खड़ा हो गया। परिवार के सारे सदस्य भी उससे मिलने बाहर निकल आए। इस बीच मकान भराभर कर गिर गया। यदि बेटा उस समय नहीं आता तो परिवार के सदस्य घर होते और बड़ा हादसा हो सकता था।
हसायन क्षेत्र के मोहल्ला कछियान कला में बाण रोड के पास मोहल्ला कछियान कला में राणा सिंह पुत्र लेखराज अपने परिवार के साथ रहते हैं। रात को बरसात के कारण मकान गिर गया। इसकी जानकारी राजस्व विभाग को दे दी गई है। भाजपा सभासद भगवान सिंह बघेल ने तहसील प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।