खाद-बीज केंद्रों पर छापामारी, भागे दुकानदार Aligarh news
खाद-बीज के सहकारी व निजी विक्रय केंद्रों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार केंद्रों पर ताले डालकर भाग गए।
अलीगढ़, [जेएनएन]। कृषि विभाग की टीम ने गुरुवार को जिलेभर में खाद-बीज के सहकारी व निजी विक्रय केंद्रों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार केंद्रों पर ताले डालकर भाग गए। 12 केंद्रों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। टीम ने 109 केंद्रों का निरीक्षण कर 58 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
58 नमूने जांच को भेजे
जिलाधिकारी के आदेश पर कृषि विभाग के अफसरों ने तहसील स्तर पर कार्रवाई की। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने खैर व गभाना क्षेत्र में सर्वाधिक 34 केंद्रों का निरीक्षण कर 13 नमूने लिए। उन्होंने बताया कि कुल 58 नमूनों में 46 उर्वरक व 12 बीज के हैं। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर 12 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें प्रकाश पैस्टीसाइट्स गांधीपार्क बस स्टेंड, चंडौस के गणेश खाद भंडार, बालाजी किसान सेवा केंद्र, सत्य सांई कृषि केंद्र, वाहिद खाद बीज भंडार, लक्ष्य किसान सेवा केंद्र, प्रताप फर्टीलाइजर, देवेंद्र खाद बीज भंडार, पिसावा के कृषि किसान सेवा केंद्र, कृषि रक्षा केंद्र, विजय कृषि रक्षा केंद्र और अमित बीज भंडार नगरिया बिजना हैं। उन्होंने बताया कि उप कृषि निदेशक ने 26 केंद्रों का निरीक्षण कर 11 नमूने लिए, एक लाइसेंस निलंबित किया। मृदा सर्वेक्षण अधिकारी ने अतरौली में 21 केंद्रों का निरीक्षण कर 10 नमूने लिए। कृषि रक्षा अधिकारी ने इगलास में 16 केंद्रों का निरीक्षण कर सात नमूने लिए। उप संभागीय कृषि अधिकारी ने कोल क्षेत्र में 12 केंद्रों का निरीक्षण कर पांच नमूने लिए हैं।