रघुराज को इधर धमकी मिली, उधर सुरक्षा हटी, डीजीपी व एसएसपी से की शिकायत Aligarh news
बुर्का पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर विवादों में फंसे उत्तर प्रदेश श्रम व कर्मकार सन्निर्माण परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष व भाजपा नेता रघुराज सिंह को फिर धमकी मिली है।
अलीगढ़ [जेएनएन]: बुर्का पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर विवादों में फंसे उत्तर प्रदेश श्रम व कर्मकार सन्निर्माण परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष व भाजपा नेता रघुराज सिंह को फिर धमकी मिली है। इसकी शिकायत उन्होंने डीजीपी, डीएम व एसएसपी से की है। पहले भी उन्हें चार बार धमकी मिल चुकी है। उधर, एसएसपी ने रघुराज की सुरक्षा हटा ली है। विवादित बयान देने के चलते ही उनकी सुरक्षा को हटाया जाना माना जा रहा है।
दिल्ली में बाट लग गई
रघुराज ने बताया कि मंगलवार सुबह 9:37 बजे उनके मोबाइल पर दो बार फोन आया। फोन करने वाले ने पहले खुद को अमेरिका से बताया। फोन पर कहा, 'बहुत उल्टा-सीधा बयान देते हो। तुम जाने वाले हो। जहर मत उगलो। दिल्ली में बाट लग गई। देश से बाहर जाने वाले हो। फिर बोला, चीन में बुर्का बैन किया तो वहां वायरस आ गया। मिल जुलकर रहो।'
बयान की आलोचना
रघुराज सिंह ने रविवार को बयान दिया था कि देश में बुर्का पर प्रतिबंध लगाया जाए। कई देशों में ऐसा है भी। बयान की आलोचना भी हो रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रघुराज सिंह को कारण बताओ नोटिस दिया है। एक सप्ताह में जवाब देना है। जवाब देने के लिए वे मंगलवार को लखनऊ पहुंच गए। रघुराज सिंह पूर्व में भी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। इससे पहले उन्हें 14 जनवरी, 15 जनवरी, 23 जनवरी व 25 जनवरी को आईं 15 कॉल से धमकी मिल चुकी हैं।
धमकी देने वाले की भाषा सामान्य
फोन पर धमकी देने वाले की भाषा आम बोलचाल की है। रघुराज को उसने सलाह भी दी कि भाईचारे से रहो, यार मिल जुलकर रहो। जिस प्लास्टिक में चॉकलेट होती है, उसमें मक्खी नहीं बैठती। खुले में ही बैठती हैं। भाजपा नेता ने जब उससे नाम पूछा तो पहले उसने जय श्रीराम नाम बताया, फिर जयराम बताया। उसने ये भी कहा कि रिकॉर्डिंग कर रहे हो, कुछ कर नहीं पाओगे।
उत्तर प्रदेश श्रम व कर्मकार सन्निर्माण परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष रघुराज सिंह का कहना है कि नोटिस का जवाब देने के लिए लखनऊ आया हूं। नोटिस अभी मिला नहीं हैं। एसएसपी ने सुरक्षा हटा ली है। कारण पूछा तो उन्होंने फोन भी नहीं उठाया। मुझे लगातार धमकी मिल रही हैं। अगर कुछ होता है तो एसएसपी जिम्मेदार होंगे।
गनर नहीं हटाए
एसएसपी आकाश कुलहरि का कहन है कि एस्कॉर्ट को हटाया गया है, जो बिना अनुमति के दिया गया था। गनर नहीं हटाए। जितना अनुबंध है, उतनी ही सुरक्षा दी जाएगी। धमकी के संबंध में सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलेगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।