राज्य पुरस्कार के लिए अलीगढ़ कीराफिया निकहत चयनित
प्रधानाध्यापिका राफिया निकहत को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। शिक्षक दिवस पर लखनऊ में होने वाले समारोह में उनको सम्मानित किया जाएगा।
अलीगढ़ जेएनएन : प्राथमिक विद्यालय रजानगर की प्रधानाध्यापिका राफिया निकहत को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। शिक्षक दिवस पर लखनऊ में होने वाले समारोह में उनको सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश में 73 बेसिक शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2019 के लिए चयनित किया गया है। इसमें हर जिले से एक शिक्षक को सम्मान के लिए चुना गया। 29 अगस्त को इनका साक्षात्कार व प्रेजेंटेशन लखनऊ में लिया गया था। उनको मेडल, प्रशस्ति पत्र और दो साल का सेवा विस्तार भी मिलेगा। रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने राफिया को शुभकामनाएं दीं। कहा कि राफिया की उपलब्धि अन्य शिक्षकों के लिए मिसाल है।
बेटियों को पढ़ाने के लिए जागरूक किया
राफिया ने बताया कि उन्होंने घर-घर जाकर पढ़ाई से दूर बैठी बेटियों को स्कूलों में दाखिला दिलाने का काम भी किया है। पिछले 25 वर्षों से वो बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही हैं। उनके विद्यालय में 496 विद्यार्थी है, जिनमें से 255 छात्राएं हैं। विद्यालय जिस क्षेत्र में है वहां लोग बेटियों को पढ़ाने में रुचि नहीं दिखाते। ऐसे में घरों में जाकर अभिभावकों को बेटियों को पढ़ाने के लिए जागरूक करना पड़ा। इस सम्मान को अपनी मेहनत का फल मानती हैं।