अलीगढ़ में प्रो.अनीता बोली, भयमुक्त रहें और मन को कमजोर न होने दें
आप जैसा सोचते हैं, वैसा ही आपके साथ घटित होता है। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े।
अलीगढ़ : मन को कमजोर न होने दें, भयमुक्त रहें। आप जैसा सोचते हैं, वैसा ही आपके साथ घटित होने लगता है। इसलिए सकारात्मक सोच रखें। मन को प्रबल होने दें। यह बातें रविवार को एसवी कॉलेज की मनोविज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रो. अनिता मोरल ने 'अंधविश्वास से रहें दूर' विषय पर श्री वाष्र्णेय मंदिर में आयोजित गोष्ठी में कहीं।
असिस्टेंट प्रो.अनीता ने कहा कि व्यक्ति को मानसिक रूप से स्वस्थ रहना चाहिए। मन में किसी भी तरह की शंका न रखें। अपने को हारा हुआ न मानें। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े। सफलता खुद व खुद मिलती जाएगी।
समाजसेवी राजाराम मित्र ने कहा कि हम अपनी संस्कृति से दूर हो रहे हैं, इसलिए दिल्ली की बुराड़ी जैसी घटनाएं हो रही हैं। वर्तमान में जरूरी है कि हम अपने बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ाएं। मनोज मिश्रा ने कहा कि अपने धर्म-ग्रंथों पर विश्वास करें। सच्चे मन से अपने-अपने धर्म को माने और दूसरे धर्मो का आदर करें। प्रजापति ईश्वरीय विश्वविद्यालय की दीदी हर्षा ने कहा कि हमें अपनी शक्ति की पहचान करने की जरूरत है। साध्वी पुनीता चेतन ने कहा कि महिलाएं जल्दी आडंबर में फंस जाती हैं, उन्हें इससे बचना चाहिए। संयोजिका कृष्णा गुप्ता ने कहा कि वह बुराड़ी कांड से बहुत आहत थीं, इसलिए इस विषय पर गोष्ठी आयोजित की। सहयोगी प्रीति वाष्र्णेय व क्षमा वाष्र्णेय ने आभार जताया। रेनुका सिंह, नीलम वाष्र्णेय ने अतिथियों का स्वागत किया। महिलाओं ने बेहतरीन लघु नाटिका की प्रस्तुति की। यहां पलक गुप्ता, इंदुबाला, सुमन गुप्ता, मोहन लाल वर्मा, अमित सोनी, अनुपम जैन आदि मौजूद रहे।