Aligarh Crime News : साइबर ठगों का छत्तीसगढ़ कनेक्शन तलाश रही पुलिस, अब तक छह हजार से अधिक को बनाया शिकार
Aligarh Crime News अलीगढ़ में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वालों की तलाश अब छत्तीगढ़ में हो रही है। पता चला है कि आरोपितों ने अलग अलग प्रदेशों के करीब छह हजार से अधिक लोगों से ठगी की है। अलीगढ़ में दो काल सेंटर पकड़े गए थे।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Aligarh Crime News : शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के पकड़ने के बाद पुलिस अब इनका छत्तीसगढ़ कनेक्शन तलाश रही है। जांच में छत्तीसगढ़ के युवक का नाम सामने आने के बाद ये भी देखा जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन शामिल था। साथ ही ये भी पता चला है कि आरोपितों ने अलग-अलग प्रदेशों के करीब छह हजार लोगों से ठगी की है। जो भी शिकायतें आती थीं, उन्हें वे दबा देते थे। ऐसे में अब सेंटर बंद होने के बाद पुलिस के पास नई शिकायतें आ सकती हैं।
पुलिस ने दो काल सेंटर पकड़े थे
मंगलवार को पुलिस ने गांधीपार्क व सिविल लाइन क्षेत्र में छापा मारकर दो काल सेंटर पकड़े थे। इनमें बुलंदशहर के थाना डिबाई क्षेत्र के कर्णवास निवासी देवेंद्र, उसकी पत्नी मालती समेत 13 लोग गिरफ्तार किए गए। कई सीपीयू, मोबाइल फोन, सिम कार्ड आदि बरामद किए गए। आरोपितों ने मेट्रीमोनियल साइट बना रखी थीं। महिलाएं रजिस्ट्रेशन करने के लिए लोगों को प्रेरित करती थीं। फीस बताकर पांच सौ से लेकर तीन हजार रुपये तक जमा कराती थीं।
अच्छा रिश्ता तलाशने के नाम पर ठगी
जो लोग खुद से रजिस्ट्रेशन कर लेते थे, उन्हें अच्छा लड़का या लड़की तलाशने के नाम पर ठगते थे। रिश्ते के लिए लड़की बता काल सेंटरों पर मौजूद महिलाओं से ही बात करा देते थे। पुलिस इनके काल व बैंक डिटेल्स खंगाल रही है। जांच में छत्तीसगढ़ के राजकुमार का नाम सामने आया है। माना जा रहा है कि गिरोह वहीं से संचालित हो रहा था। इसमें झारखंड-जामताड़ा का कनेक्शन भी हो सकता है। सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया कि साइबर सेल की टीम ये पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कोई तो शामिल नहीं था। साथ ही कौन लोग शिकार हुए, उनके बारे में भी जानकारी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में मेला में घुसा सांड, पुतले से निकले पटाखे भीड़ पर गिरे, मेरठ में भी चिंगारी गिरने से अफरा-तफरी