अलीगढ़ में जमीन पर अवैध कब्जे की सूचना, पुलिस ने रुकवाया काम
स्वर्ण जयंती नगर का मामला लाखों की जमीन को कब्जाने का आरोप।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र में जमीन से जुड़े विवाद खूब सामने आ रहे हैं। रविवार को भी स्वर्ण जयंती नगर में जबरन विवादित जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा है। मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने पहुंचकर काम रुकवाया दिया। इस मामले में शहर के कई चर्चित लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें सफेदपोश भी बताए जा रहे हैं। कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। इस कारण पुलिस व अधिकारी कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
स्वर्ण जयंती नगर में बेशकीमती जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। दोनों ही इस पर दावा करते हैं। रविवार को एक पक्ष ने जमीन की नापतौल शुरू कर दी है। बाउंड्रीवॉल के लिए ईंट मंगा लीं। जेसीबी से खोदाई का काम चल रहा था। तभी दूसरा पक्ष पहुंच गया और काम बंद कराने का प्रयास किया, मगर सफल नहीं रहा। जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर काम रुकवाया। फिलहाल दोनों पक्षों को उच्च अफसर व कोर्ट का सहारा लेने के निर्देश दिए गए हैं। मामला शहर के रसूखदार व सफेदपोशों से जुड़ा होने के कारण चर्चा का विषयबना रहा। दोनों तरफ से राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते प्रशासनिक अफसर हाथ डालने से बच रहे हैं।
.......
काफी दिन पहले शिकायती पत्र आया था। इसकी जांच चल रही है। रविवार के मामले की जानकारी नहीं है। कोर्ट से जो भी आदेश आएगा, उस पर अमल किया जाएगा।
रंजीत सिंह, एसीएम द्वितीय
शिकायत पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों से वैध दस्तावेज मांगे थे, कोई भी पक्ष दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए बाउंड्रीवॉल का निर्माण रुकवा दिया है। संबंधित पक्षों को नोटिस दिए गए हैं। कोर्ट या उच्चाधिकारियों के आदेश पर ही निर्माण कार्य व कार्रवाई की जाएगी।
छोटेलाल, इंस्पेक्टर क्वार्सी