अलीगढ़ में व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण को गंभीर नहीं हैं अफसर
अलीगढ़ व्यापारी संघर्ष समिति ने लगाया आरोप।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अलीगढ़ व्यापारी संघर्ष ने आरोप लगाया है कि व्यापारियों की शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारी कतई गंभीर नहीं हैं। इसलिए समिति माह के हर रविवार को दोपहर दो से शाम चार बजे तक अचल रोड स्थित आर्य समाज मंदिर कार्यालय में शिविर लगाकर व्यापारियों की समस्याओं को सुनेगी। इसका संयोजक अलोक बैंकर को बनाया गया है। कारोबारी अपने क्षेत्र की नगर निगम संबंधी सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित शिकायती पत्र को यहां रखे बाक्स में डाल सकते हैं।
आर्य समाज मंदिर में रविवार को पत्रकार वार्ता में मुख्य संयोजक हरिकिशन अग्रवाल व मनीष अग्रवाल वूल ने कहा समिति समस्याओं के निपटारे के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विभागों में अधिकारी लापरवाह हो गए हैं। व्यापारियों की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। व्यापारी व उद्यमियों की समस्याओं के निपटारे के लिए प्रदेश की योगी सरकार तो संजीदा है, मगर कुछ अफसर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। यह समस्याओं के निस्तारण की जगह पीड़ित व्यापारियों को विभागों के बार-बार चक्कर कटवा रहे हैं। यह व्यापारियों की समस्या के निस्तारण के लिए लापरवाही कर रहे हैं। यह सरकार को बदनाम करने की बड़ी साजिश है।
समिति के संयोजक संजीव रतन व आलोक बैंकर ने कहा अभी तक व्यापारियों की समस्याओं को सुनने का कोई भी मंच नहीं था। समिति ने समस्याओं को सुनने के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई है। बिजली विभाग, जीएसटी सेंट्रल, वाणिज्यकर विभाग, खाद्य विभाग सहित अन्य समस्याओं का निस्तारण करा सकते हैं। यूजर चार्ज और हाउस टैक्स (संपत्ति कर) में ब्याज माफी को लेकर समिति संघर्ष करेगी। संयोजक ऋषि कुमार मित्तल ने कहा कि समिति हर सप्ताह एकत्रित होने वाली शिकायतों का निस्तारण कराएगी। इसके लिए अफसरों से संपर्क किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो उन्हें एक मंच पर बुलाया जाएगा, ताकि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।