हे भगवान अब किस पर करें भरोसा?, यहां से भीे हो गया बच्चा चोरी
महिला जिला अस्पताल में फिर लापरवाही देखने को मिली। डिलीवरी के बाद वार्ड में भर्ती प्रसूता की गोद से एक महिला कुछ ही घंटे पहले जन्मी बच्ची को बहाने से ले गई।
अलीगढ़ (जेएनएन)। महिला जिला अस्पताल में फिर लापरवाही देखने को मिली। डिलीवरी के बाद वार्ड में भर्ती प्रसूता की गोद से एक महिला कुछ ही घंटे पहले जन्मी बच्ची को बहाने से ले गई। बच्ची के चोरी होने की खबर पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा काटा।
सरकारी अस्पताल में हुआ बच्चे का जन्म
क्वार्सी क्षेत्र की संजय गांधी कॉलोनी निवासी चंद्रपाल सिंह ताला कारखाने में मजदूरी करते हैं। चंद्रपाल के पास एक बेटा व एक बेटी है। रात प्रसव पीड़ा होने पर वे पत्नी हेमलता को महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां सोमवार सुबह करीब छह बजे बेटी को जन्म दिया। अस्पताल में हेमलता की सास मानवती देवी साथ थीं। वे शाम करीब साढ़े सात बजे अस्पताल के बाहर पानी गर्म कराने चली गईं।
जमकर हुआ हंगामा
बकौल हेमलता, तभी एक 35 वर्षीय साड़ी पहने महिला आई और बोली, उसकी सास बाहर हैं और बच्ची को मंगा रही हैं। उसने बच्ची को ले जाने दिया। कुछ समय बाद सास पानी लेकर पहुंची तो हेमलता ने जानकारी की। सास ने बच्ची को मंगाने से इन्कार कर दिया। इतना सुनते ही सास-बहू रोने लगीं। अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। चंद्रपाल सिंह व अन्य परिजन आ गए और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर हंगामा करने लगे। सूचना पर इंस्पेक्टर बन्नादेवी राघवेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज रसलगंज आरपी गौतम आ गए और पूछताछ की।परिजनों को भरोसा दिया कि बच्ची को जल्द सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। बच्ची को ले जाने वाली महिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद तो हुई है, लेकिन उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है।
जांच कराई जाएगी
सीएमएस डॉ. एमएल अग्रवाल का कहना है कि मामला मेरी जानकारी में आया है। सीएमएस से फोन बातचीत नहीं हो पाई। मामला गंभीर है। जांच कराई जाएगी।