एनआरआइ पति ने न्यूजीलैंड ले जाकर युुवती का किया यौन शोषण Hathras News
आरोप है कि पति ने न्यूजीलैंड ले जाकर उसके साथ यौन शोषण किया। विरोध करने पर चाकू दिखाकर डराता था। कई बार मारने की भी कोशिश की।
हाथरस (जेएनएन)। शहर की युवती ने अपने एनआरआइ पति व उसके परिवार के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पति ने न्यूजीलैंड ले जाकर उसके साथ यौन शोषण किया। विरोध करने पर चाकू दिखाकर डराता था। कई बार मारने की भी कोशिश की। पीडि़ता जैसे-तैसे उसके चंगुल से छूटकर अपने देश लौटी तथा मायके वालों को घटना की जानकारी दी।
ऑकलैंड में युवक करता है नौकरी
युवती की शादी 11 नवंबर 2018 को पश्चिम बिहार, दिल्ली निवासी युवक से हुई थी। युवक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में नौकरी करता है। शादी के एक महीने बाद वह नौकरी पर चला गया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही सास-ससुर व देवर ने दहेज को लेकर ताने देना शुरू कर दिया। बेटे के एनआरआइ होने का हवाला देते हुए दहेज कम मिलने का ताना दिया। 15 लाख रुपये की मांग की। कुछ महीने युवती ने ससुराल में काटे। इसके बाद अप्रैल 2019 में वह मायके आ गई। 22 अप्रैल 2019 को पति न्यूजीलैंड से लौटा तथा युवती से मिलने हाथरस आया।
युवती के मायके वालों से मांगे 15 लाख
आरोप है कि पति ने मायके आकर भी 15 लाख की मांग रखी तथा अपने मां-बाप की बात को सही ठहराया। इस मामले को लेकर विवाद होता रहा। दोनों घरों में तनाव के बीच ही पति 11 जून को युवती को लेकर न्यूजीलैंड चला गया। पति ने आश्वासन दिया था कि वहां जाकर सबकुछ ठीक हो जाएगा। युवती का आरोप है कि ऑकलैंड पहुंचते ही पति ने प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। वह धमकाता था।
चाकू दिखाकर धमकाया
युवती के अनुसार पति ने जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए। विरोध पर मारपीट की तथा चाकू दिखाकर मारने की धमकी दी। डर की वजह से वह नौ जुलाई को अकेले ही न्यूजीलैंड से चली आई तथा सीधे मायके पहुंची। 15 जुलाई को पति ने एक ई-मेल किया तथा अपने किए पर माफी मांगी। इसके बाद उन्हें लगा कि सबकुछ ठीक हो जाएगा। घर बर्बाद होने के डर से युवती ने राजीनामा कर लिया तथा पति के बुलाने पर 30 जुलाई को फिर से पति के पास पहुंच गई। आरोप है कि फिर से पहुंचते ही पति ने वही व्यवहार किया। कई बार अप्राकृतिक संबंध बनाए। मारपीट जारी रखी तथा रुपये की मांग की। 14 अगस्त 2019 को युवती चोरी-छिपे अपने देश लौट आई। घर आकर परिजनों को आपबीती बताई।
पति के हैं दूसरी महिला से संबंध
युवती का आरोप है कि न्यूजीलैंड में पति के दूसरी महिला से संबंध हैं। इसके कारण उसे नौकरी से भी निकाल दिया गया है। मायके वालों ने युवक के परिजनों से शिकायत की। आरोप है कि 21 अगस्त को ससुरालियों ने यहां आकर उन्हें धमकाया तथा 15 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के आदेश पर महिला थाने में पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई।
युवती के साथ होगा न्याय
महिला थाने की एसएचओ नंदनी सिंह ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच में पति-पत्नी व दोनों परिवारों के बीच चल रहे विवाद की विस्तृत जानकारी होगी। युवती के आरोप सही पाए जाते हैं तो उसे न्याय दिलाया जाएगा।