अखिल भारतीय आमंत्रण महिला हॉकी प्रतियोगिता में अलीगढ़, नॉर्दन रेलवे व भोपाल ने जीते मुकाबले
डीएस कॉलेज के मैदान पर रविवार से अखिल भारतीय महिला आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई।
अलीगढ़ (जेएनएन)। डीएस कॉलेज के मैदान पर रविवार से अखिल भारतीय महिला आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन तीन मुकाबले खेले गए। इनमें डीएस कॉलेज (अलीगढ़ ग्रास हॉकी एकेडमी), नॉर्दन रेलवे व भोपाल की टीम ने जीत दर्ज कर अगले राउंड में प्रवेश किया। गाजियाबाद, कोलकाता व मेरठ की टीम हारकर बाहर हो गईं। सोमवार को भी तीन मुकाबले खेले जाएंगे।
वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल व अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल व अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वित्त मंत्री ने कहा कि खेल हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए। यह प्रतियोगिता बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को साकार बनाएगी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. हेमप्रकाश ने आभार जताया। टीमों ने मार्च पास्ट किया। खिलाड़ियों का परिचय कराया गया। पहला मुकाबला नॉर्दन रेलवे व कोलकाता की टीम के बीच खेला गया। रेलवे की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। 30 मिनट के मुकाबले को 8-1 से जीत लिया। दूसरा मैच मेरठ व भोपाल के बीच हुआ। शुरुआती 10 मिनट में दोनों टीमों ने संघर्ष किया, फिर भोपाल की टीम ने पहला गोल दागा। भोपाल की टीम आगे बढ़ती रही और मुकाबला 3-1 से जीत लिया। तीसरा मुकाबला डीएस कॉलेज अलीगढ़ व गाजियाबाद के बीच हुआ। डीएस कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर गाजियाबाद को 7-0 से हराया।
इन्होंने निभाई रेफरी की भूमिका
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी हरिशंकर, शिवानी शर्मा, नेहा सिंह, सीमा, अमित गुप्ता, अनुराग, अशोक पांडेय, एसके सारथी, नीलकमल, अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रीतम, सीता गुंसाई, एशियन गेम्स खेल पदकधारी मनजिंदर कौर थे।
आज इन टीमों में मुकाबले
सोमवार को भी तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला नॉर्दन रेलवे व गोरखपुर के बीच होगा। दूसरा मुकाबला लखनऊ हॉस्टल व भोपाल के बीच होगा। तीसरा मैच हरियाणा व उत्तराखंड की टीमों में होगा।
ये रहे मौजूद
भवन सन्निर्माण व श्रम विभाग के परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजीव अग्रवाल, प्रबंध समिति के सचिव राजीव अग्रवाल, संजय गोयल, राज कुमार अग्रवाल, ललित अग्रवाल आदि।
प्रयोगशाला का शुभारंभ
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के साथ ही डीएस कॉलेज परिसर में महेश चंद्र गर्ग रसायन प्रयोगशला व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इनडोर गेम परिसर का शुभारंभ हो गया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश नंदन अग्रवाल ने सहयोग किया।
अशोक ध्यानचंद का स्वागत
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक ध्यानचंद का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश चौहान, प्रदेश महासचिव कमल प्रताप सिंह, डीपी सिंह, मंडल अध्यक्ष विपिन राणा, जिलाअध्यक्ष डॉ शैलेंद्र पाल सिंह मंडल अध्यक्ष युवा अनुज प्रताप सिंह मौजूद रहे।