Live Aligarh Coronavirus News Update: तीन महिला समेत नौ corona पॉजिटिव और मिले, अब तक 199 संक्रमित
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में शनिवार की सुबह की शुरूआत ठीक नहीं हुई। जेएन मेडिकल में हुई जांच में तीन महिला समेत नौ मरीज कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।
अलीगढ़[जेएनएन]। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में शनिवार की सुबह की शुरूआत ठीक नहीं हुई। जेएन मेडिकल में हुई जांच में तीन महिला समेत नौ मरीज कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस तरह अलीगढ़ में अब तक 199 मरीज पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें 18 की मृत्यु हो चुकी है।
कोरोना से चार दिन के नवजात की मौत
अलीगढ़ : एक तरफ जनजीवन फिर से पटरी पर दौडऩे लगा है, वहीं कोरोना संक्रमित भी तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। रियल स्टेट कारोबारी शेखर सर्राफ के बेटे समेत 11 मरीजों ने कोरोना को हरा दिया। सभी मरीज डिस्चार्ज होकर घर पहुंच गए। हालांकि, शुक्रवार को चार और मरीज संक्रमित पाए गए। इनमें से चार माह की नवजात की देर शाम जेएन मेडिकल कॉलेज में हो गई। इसकी दिन में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
मां निगेटिव, नवजात पॉजिटिव
यह मासूम मथुरा रोड स्थित अहमदनगर निवासी एक महिला की थी। इसमें पिछले दिनों स्थानीय नर्सिंग होम में बच्ची को जन्म दिया। दोनों की कोविड-19 जांच कराई गई। मां तो निगेटिव थी, मगर मासूम संक्रमित पाई गई। इसकी रिपोर्ट दोपहर आई। तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। दोपहर बाद हालत गंभीर थी। देर शाम मासूम ने दम तोड़ दिया।
छह वर्षीय बेटी पॉजिटिव
पला रोड के कृष्ण विहार निवासी व्यक्ति की छह वर्षीय बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह टायफाइड से ग्रस्त थी। इसके लिए स्वजनों ने दिल्ली के अलावा कई वैद्य का इलाज भी कराया। संभवत: वहीं से उसे संक्रमण हुआ। इसके अलावा सेंटर प्वाइंट स्थित साड़ी शोरूम के मालिक के 35 वर्षीय बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह रामघाट रोड स्थित होटल में पार्टनर है। पता चला है कटरा निवासी जिस व्यापारी की मौत हुई, उससे मरीज का गहरा संबंध था, हालांकि वह निगेटिव आए थे। वहीं, सराय हकीम स्थित 70 वर्षीय फर्नीचर विक्रेता की सात-आठ दिनों से तबीयत खराब थी। दो दिन पूर्व उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इन सहित अब तक जिले में 190 संक्रमित मिल चुके हैं। 18 की मौत हो चुकी है। 96 सही हुए हैं, जबकि 76 का इलाज चल रहा है।
सही होने पर बरसाए फूल
रियल स्टेट कारोबारी शेखर सर्राफ का पूरा परिवार कोरोना संक्रमित हो गया था। सभी का दिल्ली के बत्रा हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इनके बेटे के अलावा माणिक चौक की 10 वर्षीय बालिका, 45 वर्षीय व 60 वर्षीय दो अन्य महिलाएं, तुर्कमान गेट की 50 वर्षीय महिला, अकराबाद के गांव बहादुरपुर का 12 वर्षीय बालक, कैथवारी का 25 वर्षीय युवक व उसकी एक वर्षीय भतीजी, लोधी विहार के 24 वर्षीय युवक व 24 वर्षीय महिला को डिस्चार्ज दिया गया। टनटनपड़ा का 24 वर्षीय युवक को भी घर भेजा गया है। सभी पर फूल बरसाए गए। स्वस्थ्य हुए लोगों ने डॉक्टरों व स्टाफ के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। उनके स्वास्थ्य के लिए भी ईश्वर से प्रार्थना की।