विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नया घरेलू एलपीजी कनेक्शन लेने के लिए अभी करना होगा इंतजार, पेट्रोलियम मंत्रालय ने लगाई है रोक

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:55 PM (IST)

पेट्रोलियम मंत्रालय ने ईरान-अमेरिका युद्ध से उत्पन्न एलपीजी संकट के कारण नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी संकट के कारण नए कनेक्शन रोके।

  2. अलीगढ़ में छह माह से घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी नहीं हो रहे।

  3. ईरान-अमेरिका युद्ध से वैश्विक एलपीजी आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नया घरेलू एलपीजी कनेक्शन लेने वालों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। इंडेन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियां छह माह से नए कनेक्शन जारी नहीं कर रही हैं। डीबीसी सिलिंडर भी स्वीकृत नहीं किए जा रहे।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने ईरान-अमेरिका युद्ध से पैदा हुए एलपीजी संकट के कारण मार्च से नए कनेक्शन देने पर रोक लगा रखी है। इससे परिवार के विस्तार वाले व नौकरी पेशेवर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे उधार का सिलिंडर से काम चला रहे हैं। जिले में 60 गैस एजेंसियां हैं। प्रत्येक एजेंसी पर चार से लेकर 10 नए कनेक्शन तक के आवेदन लंबित हैं। डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) के लिए भी कई उपभोक्ताओं ने आवेदन कर रखे हैं।

गैस बुकिंग का समय 25 दिन

जिले में करीब 7.5 लाख से अधिक एलपीजी उपभोक्ता हैं। कनेक्शन वाले सिलिंडर (14.200) की कीमत 960 रुपये निर्धारित है। शहरी क्षेत्र में ईरान व इजरायल युद्ध से पहले सामान्य उपभोक्ता के लिए गैस बुकिंग का समय 14 दिन था। अब यह 25 दिन कर दिया गया है।

गैस कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, होर्मुज क्षेत्र में पैदा हुए संकट के बाद एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अमेरिका से आयातित एलपीजी आपूर्ति मांग के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। समुद्री मार्ग से गैस की खेप भारत पहुंचने में 43 से 52 दिन का समय लग रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, सरकार के आदेश पर मौजूदा उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन सीमित उपलब्धता के कारण नए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। आपूर्ति सामान्य होने पर लंबित आवेदनों पर काम किया जाएगा।

छोटा सिलिंडर विकल्प, लेकिन पहुंच से बाहर

गैस कंपनियों ने विकल्प के तौर पर पांच और 10 किग्रा के पारदर्शी एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराए हैं, जो व्यावसायिक दरों पर दिए जा रहे हैं। इनको लेने के लिए व्यक्ति को निकटतम गैस एजेंसी में आधार कार्ड, पहचान पत्र और निर्धारित धनराशि जमा करनी पड़ेगी। 20 किलो के सिलिंडर के लिए 4450 रुपये और पांच किलो के सिलिंडर के लिए 1600 रुपये का दाम निर्धारित किया गया है लेकिन यह लोगों की पहुंच से बाहर हैं।

एक बार सिलिंडर लेने के बाद 10 किलो वाला दोबारा भरवाने के लिए 1400 रुपये और पांच किलो वाला सिलिंडर दोबारा रिफिल कराने के लिए 767 रुपये का भुगतान करना होगा। जो आम परिवारों की पहुंच से बाहर है। ऐसे में इंतजार करने के अलावा कोई व्यावहारिक विकल्प नहीं बचा है।

ऐसे कराएं ई-केवाईसी

  • गैस कंपनी का अधिकारिक एप डाउनलोड करें: इंडेन गैस के लिए इंडेन आयर वन एप।
  • भारत गैस के लिए हेलो बीपीसीएल एप। एचपी गैस के लिए एचपी पे एप का प्रयोग करें।
  • फोन में आधार फेस आरडी एप भी इंस्टाल होना चाहिए।
  • ई-केवाईसी का विकल्प चुनें और चेहरा स्कैन के जरिये प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
  • अगर आप एप का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं तो अधिकृत गैस एजेंसी जा सकते हैं।
  • वहां आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल फोन नंबर साथ ले जाना आवश्यक है।

एजेंसियों से नहीं मिल रहा सहयोग

ई-केवाईसी कराने में कई तरह की परेशानियां भी सामने आ रही हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों पर उम्मीद के मुताबिक सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे केवाईसी में देरी हो रही है। संगम विहार निवासी मुकेश सिंह का कहना है कि उन्हें केवाईसी कराने में परेशानी हो रही है। वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं, जो समय रहते प्रक्रिया पूरी कराने में लापरवाही बरत रहे हैं।

गैस कनेक्शन पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने रोक लगा रखी है। सभी एजेंसियों पर पांच से 10 कनेक्शन लेने की पूछताछ की जा रही है।

-कमला कांत तिवारी, अध्यक्ष, अलीगढ़ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन