अलीगढ़ का बहुउद्देश्यीय प्रचार-प्रसार केंद्र किसानों को देगा सहूलियत, येे होंगे फायदे
किसानों को अनुदान पर बीज और कीटनाशक दवाएं लेने के साथ खेती में तकनीकी व सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
अलीगढ़ (जेएनएन)। किसानों को अनुदान पर बीज और कीटनाशक दवाएं लेने के साथ खेती में तकनीकी व सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। कृषि विभाग द्वारा क्वार्सी फॉर्म में बहुउद्देशीय प्रचार- प्रसार केंद्र बनाया जा रहा है। 75 लाख की लागत से बनने वाला यह केंद्र नौ महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें किसानों को मोबाइल पर जानकारी देने के लिए वाईफाई की सुविधा भी दी जाएगी।
ये है योजना
सरकार ने कृषि विभाग के मुख्यालय पर बहुउद्देश्यीय प्रचार-प्रसार केंद्र बनाने का फैसला लिया है। इसमें किसानों को एक ही स्थान पर बीज और कीटनाशक दवा के साथ सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों से संवाद कर तकनीकी जानकारी दी जाएगी। इसमें प्रशिक्षण की भी व्यवस्था होगी।
ऐसा होगा सेंटर
792 वर्ग मीटर में सेंटर बनाया जा रहा है। अगस्त व सितंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें भूतल पर बीज और कीटनाशक दवाओं के लिए स्टोर व गोदाम होगा। पहली मंजिल पर कम्युनिटी हॉल बनाया जा रहा है। इसमें ट्रेनिंग की सुविधा होगी। यह हॉल वाईफाई की सुïिवधा से युक्त होगा। किसानों को इंटरनेट के माध्यम से मौसम, मंडियों के भाव की जानकारी के साथ अनुदान के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुïिवधा दी जाएगी। इसमें शौचालय व अन्य सुविधाएं भी होंगी।
किसानों को मिलेगी अहम जानकारी
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि किसानों की सुïिवधा के लिए बहुउद्देश्यीय प्रचार-प्रसार केंद्र बनाया जा रहा है। इसमें किसानों को बीज व कीटनाशक दवाओं के साथ महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएंगी।