विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संसद में गूंजेगी ऑनलाइन दवा कारोबार को बंद कराने की आवाज, सांसद अनूप वाल्मीकि उठाएंगे मुद्दा

Published: Sun, 23 Aug 2026 10:40 PM (IST)

सांसद अनूप वाल्मीकि ने घोषणा की है कि वह ऑनलाइन दवा व्यापार को बंद कराने का मुद्दा संसद में उठाएंगे। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सांसद अनूप वाल्मीकि ऑनलाइन दवा व्यापार बंद कराने का मुद्दा उठाएंगे।

  2. छर्रा में आयोजित दवा व्यापारी सम्मेलन में यह घोषणा की गई।

  3. व्यापारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलकर समाधान चाहेंगे।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। ऑनलाइन दवा व्यापार को लेकर व्यापारी लगातार आवाज उठा रहे हैं, अब यह मुद्दा संसद में भी गूंजेगा। रविवार को छर्रा में आयोजित दवा व्यापारी सम्मेलन व शैक्षिक कार्यशाला के दौरान सांसद अनूप वाल्मीकि ने इसकी घोषणा की। छर्रा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (संबद्ध जिला अलीगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर के दवा व्यापारियों ने सम्मिलित होकर समस्याएं उठाईं।

उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद हाथरस अनूप वाल्मीकि ने किया। बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह, छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह तथा छर्रा चेयरमैन सपना गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

सांसद ने कहा कि जल्द ही संस्था के पदाधिकारियों के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर दवा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। ऑनलाइन दवा व्यापार को बंद कराने का मामला संसद में भी उठाएंगे।

बरौली विधायक ने कहा कि दवा व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। गरीब और मजदूर वर्ग के स्वास्थ्य की देखभाल में दवा व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। छर्रा विधायक ने कहा कि वह दवा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उनके साथ खड़े हैं।

आर्गेनाइजेशन आफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (ओसीडी), यूपी के कोषाध्यक्ष महेश अग्रवाल ने दवा व्यापारियों से स्वच्छ एवं नियमों के अनुरूप कारोबार करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह टिल्लू ने जिलेभर से आए केमिस्टों व पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

महामंत्री आलोक गुप्ता ने कहा कि शैक्षिक कार्यशाला में देहात क्षेत्र के केमिस्टों को दवा कारोबार से जुड़े नए नियमों की जानकारी दी गई। कोषाध्यक्ष शिवशंकर शर्मा ने ‘अपना व्यापार अपनों के साथ’ करने का आह्वान किया। चेयरमैन राजीव जैन ने अधिकृत दवा व्यापारी से ही दवा खरीदने और व्यापार करने की अपील की।

समाजसेवी सुमित सर्राफ ने संस्था के कार्यों की सराहना की। इस दौरान छर्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक महेश्वरी, महामंत्री नवीन अग्रवाल, संगठन मंत्री भगवान सिंह वर्मा, आमिर आबिद समेत काफी संख्या में दवा व्यापारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।