अलीगढ़ में बंटवारे के विवाद को लेकर मां की गला रेत कर हत्या aligarh news
महिला के दो बेटे व एक बेटी हैं। बेटी मोनिका की गाजियाबाद में शादी हो चुकी है। छोटा बेटा लकी शहर के एक कोचिंग सेंटर से पीसीएस की तैयारी कर रहा है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। क्वार्सी थाना क्षेत्र स्थित राज एन्क्लेव में मंगलवार को संपत्ति विवाद के चलते एक युवक ने अपनी मां की गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। इसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
बुलंदशहर के हैं रहने वाले
राज एन्क्लेव की यशोमति अस्पताल वाली गली स्थित पुलिसकर्मी जगपाल सिंह के मकान में कई सालों से गौतम सिंह किराए पर रहते हैं। वे डिबाई, बुलंदशहर के मूल निवासी हैं। इनकी ताला नगरी में घी की फैक्ट्री है। दो बेटे हैं। छोटा बेटा साथ रहता है। बड़ा बेटा सौरभ उर्फ सोनू छह माह से अपनी पत्नी के साथ पीएसी के पास रहकर ई-रिक्शा चलाता था। वह काफी समय से फैक्ट्री, डिबाई स्थित मकान व जेवरात के बंटवारे की जिद कर रहा था।
घर पर महिला थी अकेली
मंगलवार को गौतम सिंह की पत्नी मालती देवी (45) घर पर अकेली थीं। लकी कोचिंग गया था। दोपहर दो बजे सोनू की पत्नी आई। फिर उसने पति को बुला लिया, जिसने बंटवारे के लिए मां से कहा। इसके चलते दोनों में विवाद हो गया। तभी सोनू ने चाकू से मां की गर्दन पर कई वार कर दिए। इसकी पत्नी ने फोन कर देवर व ससुर को बुला लिया। सोनू भाग गया। घायल मां को लेकर लकी निजी अस्पताल पहुंचा, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। शाम करीब साढ़े चार बजे मालती देवी की मौत हो गई। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
एक दिन पहले बड़े बेटे की बीवी से हुआ था विवाद
क्वार्सी क्षेत्र के राज एंक्लेव में मां की हत्या करने वाले सौरभ उर्फ सोनू से पिता व भाई भी ज्यादा मतलब नहीं रखते थे। सोनू अपनी पत्नी के साथ अलग किराए पर रहता था। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी को लेकर विवाद पुराना था। आरोप है कि एक दिन पहले भी बेटे की पत्नी के साथ महिला का विवाद हुआ था, जिसके बाद बेटे ने हत्या कर दी।
अक्सर होता था झगड़ा
मृतका के छोटे बेटे लकी ने बताया कि बड़ा भाई सोनू छह माह से अलग रहा था, लेकिन अक्सर घर पर आकर प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा करता था। बताया जा रहा है कि सोनू शराब भी पीता था। लकी ने बताया कि मां को थायराइड की शिकायत थी। ऐसे में उन्हें थैरेपी के लिए जाना होता था। आरोप है कि इस दौरान सोनू मां पर हमले की फिराक में रहता था। उन्होंने बताया कि सोमवार को भाभी के साथ भी मां का झगड़ा हुआ था। मंगलवार को लकी कोचिंग पर गए थे। वे पीसीएस की तैयारी कर रहे हैं। पिता फैक्ट्री में थे। भाभी दोपहर को ही घर पर पहुंच गई थी। आरोप है कि भाभी ने फोन करके सोनू को बुलाया। यहां बेटे व मां में झगड़ा हो गया, जिसमें सोनू ने चाकू से मां का गला रेत दिया। इसके बाद भाभी ने ही फोन करके हत्या की सूचना दी।
मारपीट का भी आरोप
लकी का आरोप है कि मां पर सबसे अंदर के कमरे में हमला किया गया, ताकि आवाज बाहर तक न आए। चाकू मारने से पहले उनसे मारपीट का भी आरोप लगाया है। लकी के मुताबिक, मां के माथे पर भी चोट के निशान थे।
बहन की हो चुकी है शादी
महिला के दो बेटे व एक बेटी हैं। बेटी मोनिका की गाजियाबाद में शादी हो चुकी है। छोटा बेटा लकी शहर के एक कोचिंग सेंटर से पीसीएस की तैयारी कर रहा है। पति की तालानगरी में सूर्या फूड प्रोडक्ट के नाम से फैक्ट्री है। बड़ा बेटा अलग रहता है।