सौ से अधिक गांवों में आठ घंटे से ज्यादा बिजली संकट Aligarh news
जर्जर मशीनों के कारण आए दिन होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग की ओर से गुरुवार को विद्युत उपकेंद्र बिसावर पर 6 नई बीसीबी मशीन लगवाई गई
हाथरस [ जेएनएन ] : बिसावर विद्युत उपकेंद्र पर जर्जर मशीनों के कारण आए दिन होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग की ओर से गुरुवार को विद्युत उपकेंद्र बिसावर पर 6 नई बीसीबी मशीन लगवाई गईं। बीसीबी लगवाए जाने के कारण बिसावर सहित दो अन्य सब स्टेशनों से जुड़े करीब सौ से अधिक गांवों की सप्लाई गुरुवार को आठ घंटे तक बाधित रही। इस वजह से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अन्य फीडरों की विद्युत आपूर्ति में भी सुधार आएगा
नई मशीनों के माध्यम से टूटने वाले तारों में विद्युत करंट नहीं रहेगा क्योंकि तार टूटने के साथ ही मशीन ट्रिप कर जाएगी। अपने आप तार का करंट समाप्त हो जाएगा। उपखंड अधिकारी सुमित गोयल ने बताया है कि बिसावर उपखंड पर लगी इन 6 मशीनों के माध्यम से बिसावर के साथ रूरल बिसावर, बरौली, ताजपुर, रदोई फीडरों व सब स्टेशन बिसावर में विद्युत आपूर्ति सुधरेगी। अन्य फीडरों की विद्युत आपूर्ति में भी सुधार आएगा, क्योंकि यहां पुरानी मशीन होने के कारण यह मशीन कभी भी काम करना छोड़ देती थीं। नई मशीन लगने के साथ ही विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। लोगों की समस्याएं समाप्त होंगी। बिसावर उपकेंद्र पर कार्य के दौरान एदलपुर, पिपरामई बिजलीघरों की विद्युत आपूर्ति करीब 8 घंटे ठप रही।
शहर में भी बिजली संकट
पिछले कई दिनों से शहर के लोगों को बेहतर बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार की शाम को शहर के रामलीला मैदान, पंजाबी मार्केट, सरक्यूलर रोड सहित कई इलाकों में बिजली संकट का सामना लोगों को करना पड़ा। सप्लाई न आने के कारण शाम को जल्दी ही बाजार बंद हो गए।