अलीगढ़ में एमएलसी चुनाव में वोट इधर से उधर, पड़ेगा असर
स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनाव में खड़ी हुईं मुश्किलें मतदाताओं से संपर्क कर रहे प्रत्याशी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : आगरा खंड निर्वाचन क्षेत्र स्नातक व शिक्षक एमएलसी का चुनाव एक दिसंबर को है। मतदाताओं के वोट इधर से उधर होने से मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। छर्रा के वोट अतरौली क्षेत्र में, जट्टारी के खैर क्षेत्र में पहुंच गए हैं। पार्टी और प्रत्याशी के लोगों ने वोटरों से संपर्क कर लिया है। करीब 1000 से 1500 वोट इधर से उधर बताए जा रहे हैं।
इस चुनाव में भाजपा व सपा समेत कई दलों ने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ समेत तमाम अन्य शिक्षक संगठनों ने भी प्रत्याशी उतारे हैं। यह चुनाव सीधे जनता के द्वारा न होने से कठिन हो जाता है। आगरा खंड में 12 जिले आते हैं। प्रत्याशियों को सबसे पहले मतदाता बनाने पड़ते हैं, उसके बाद संपर्क करना पड़ता है। 12 जिलों में संपर्क व संवाद बनाने के लिए लगातार दो साल तक कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इस बार वोट इधर से उधर हो जाने से प्रत्याशियों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। स्नातक चुनाव में 12 जिलों में कुल 2.81 लाख मतदाता हैं, जिनमें से अलीगढ़ जिले में करीब 50000 हैं। शिक्षक (एमएलसी) के चुनाव में 33000 मतदाता हैं, जिनमें से जिले में 4282 हैं। पूरे जिले में करीब 1500 वोट इधर से उधर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जवां के वोट दादों क्षेत्र में हो गए हैं। शहर के कुछ वोट जवां पहुंच गए हैं। लोधा के सांकरा, जट्टारी के खैर और अतरौली के छर्रा वोट पहुंच गए हैं। प्रत्याशियों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने सीधे मतदाताओं से संपर्क करना शुरू कर दिया है। संवाद और संपर्क किया तेज
भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह का कहना है कि मतदाताओं से संवाद और संपर्क तेज कर दिया गया है। जिन क्षेत्रों में वोट की गड़बड़ी हुई हैं। वहां के मंडल से लेकर बूथ तक के कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। पूरा संगठन जुट गया है
सपा के जिले से शिक्षक प्रत्याशी हेवेंद्र सिंह हऊआ हैं। सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव का कहना है कि वोट इधर से उधर हुए हैं, इससे थोड़ी मुश्किल तो होगी, मगर मतदाताओं से संपर्क करना नामुमकिन नहीं है।
अनुभव आएगा काम
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रत्याशी जगवीर किशोर जैन का कहना है कि इससे मतदान के दिन दिक्कत होगी। पहले से इस बारे में सूचित किया गया था, मगर वोट ठीक नहीं हो पाए हैं।
चुनाव में न हो कोई गड़बड़ी : प्रेक्षक
एमएलसी चुनाव में प्रेक्षक बनाए गए आयुक्त आबकारी पी.गुरु प्रसाद ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की। निर्देश दिए कि चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हो पाए। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र पर सैनिटाइजेशन की जिम्मेदारी दो आशाकर्मी को दी गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट व माइक्रोऑब्जर्वर की रिपोर्ट सम्मलित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को प्रभारी बनाया गया है। अलीगढ़ जिले में स्नातक के 74 व शिक्षक के 17 बूथ बनाए गए हैं। सात-सात जोनल व सुपर जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट 16 व माइक्रो ऑब्जर्वर 91 हैं। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रेक्षक ने कहा कि चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी अफसर व कर्मचारी पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ कार्य करें, जिससे शांति से संपन्न हो सके। बैठक में एसएसपी मुनिराज, सीडीओ अनुनय झा, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणि, एडीएम वित्त विधान जायसवाल, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार मौजूद रहे।