वन महोत्सव के तहत चल रहा वृहद पौधारोपण, जुटा सरकारी अमला Aligarh news
जनपद में एक जुलाई से वन महोत्सव शुरू हो चुका है मगर आज शहर से लेकर देहात तक वृहद पौधारोपण हो रहा है। इसमें 27 लाख से ज्यादा पौधे रोपने के लिए सरकारी अमला जुटा हुआ है। वहीं जुलाई माह में कुल 36.72 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य है।
अलीगढ़, जेएनएन। जनपद में एक जुलाई से वन महोत्सव शुरू हो चुका है, मगर आज शहर से लेकर देहात तक वृहद पौधारोपण हो रहा है। इसमें 27 लाख से ज्यादा पौधे रोपने के लिए सरकारी अमला जुटा हुआ है। वहीं, जुलाई माह में कुल 36.72 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य है। इसमें सात लाख 23 हजार पौधे वन विभाग और बाकी ग्राम विकास, राजस्व, उद्यान, पंचायतीराज, बेसिक शिक्षा, कृषि विभाग समेत अन्य विभागों को लक्ष्य मिला है।
प्रभारी मंत्री ने भी किया प्रतिभाग
जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने भी पौधारोपण अभियान में प्रतिभाग किया। उन्होंने चंडौस में खंड विकास कार्यालय परिसर में पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यहां से खैर व लोधा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को सुनहरा भविष्य देना है, इसलिए अधिक से अधिक पौधारोपण किया।
अधिकारियों ने भी किया पौधरोपण
पौधारोपण अभियान का शुभारंभ प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग व नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम चंद्र भूषण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल, मुख्य अभियंता योगेश पवार ने सर्किट हाउस परिसर में पौधे रोपित कर किया। वन संरक्षक अदिति शर्मा, डीएफओ दिवाकर कुमार वशिष्ठ व उप डीएफओ सतीश कुमार आदि ने अधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित भी किया। इसके अलावा अधिकारी कामिसपुर पहुंचे। यहां नहर की पटरी के पास 16 हजार पौधे रोपे गए। इसके अलावा अनूपशहर रोड स्थित मंगलम सीमेंट में तीन हजार पौधारोपण हुआ।