Move to Jagran APP

मशकूर अहमद उस्मानी बने एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्र संघ के चुनाव में बिहार के दरभंगा निवासी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मशकूर अहमद उस्मानी (बीडीएस) ने जीत दर्ज की है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Tue, 12 Dec 2017 10:18 AM (IST)Updated: Tue, 12 Dec 2017 03:59 PM (IST)
मशकूर अहमद उस्मानी बने एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष
मशकूर अहमद उस्मानी बने एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष

अलीगढ़ (जेएनएन)। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव में गैर मुस्लिम छात्र की चुनौती बेकार हो गई। इसमें बिहार के दरभंगा के मशकूर अहमद उस्मानी को जीत दिली। उस्मानी ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर दलवीर सिंह के पौत्र अजय सिंह को शिकस्त दी।

prime article banner

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्र संघ के चुनाव में बिहार के दरभंगा निवासी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मशकूर अहमद उस्मानी (बीडीएस) ने जीत दर्ज की है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व बरौली से भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह के पौत्र ठा. अजय सिंह को 6719 मतों से हराया है। अध्यक्ष पद के चुनाव में मशकूर को 9071 वोट मिले। अजय को 2353 वोट मिले हैं। तीसरे स्थान पर रहे अबू बकर को 2192 वोट मिले। इस पद पर तीन ही प्रत्याशी थे।  

उपाध्यक्ष पद पर सज्जाद राथर और सचिव पद पर मोहम्मद फहद की जीत हुई है। एएमयू छात्र संघ के इतिहास में यह पहला मौका है, जब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे प्रमुख पदों पर कोई गैरमुस्लिम छात्र मुकाबले में उतरे और देर तक टक्कर भी दी। परिणाम की अभी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। उपाध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशी थे। इनमें विक्रांत जौहरी, फैसल नदीम, राव फराज वारिस, एजाज मलिक, वसीर के और सज्जाद राथर थे। 

सचिव पद के लिए पांच दावेदार थे। इनमें यासिर अली खान, मोहम्मद फहद, इमरान खान, अदनान आमिर व मोहम्मद आतिफ वसीफी थे।

एएमयू के विभिन्न हॉल में हुए मतदान में कुल 18,200 मतदाताओं में से 75 फीसद ने सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं में जबर्दस्त उत्साह रहा। सुबह से ही मतदान करने के लिए लंबी कतारें थीं। प्रत्याशी भी पूरे दिन समर्थकों संग बाइक से कैंपस में घूमते रहे। पोलिंग बूथों का भी जायजा लिया। शाम सात बजे से तय मतगणना करीब एक घंटा देरी से रात आठ बजे से शुरू हो सकी। 

कयास थे कि अध्यक्ष पद पर मशकूर अहमद उस्मानी व ठा. अजय सिंह के बीच कांटे की टक्कर होगी। मगर, गणना शुरू होने पर मशकूर शुरू से ही आगे रहे। आधिकारिक रूप से अभी कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है।

एएमयू चुनाव का  परिणाम

अध्यक्ष 

मशकूर अहमद उसमानी  9071

अजय सिंह 2352

अबू बकर 2192

उपाध्यक्ष 

सज्जाद राथर 5711

एजाज मलिक 2605

विक्रांत जौहरी 1935

फैजल नदीम 1258

राव फराज वारिस 1621

वसील के 462

सचिव

मोहम्मद फहद 4008

अदनान आमिर 3664

यासिर अली खान 3153

सैयद आतिफ वासिफि 1871

इमरान खान 893।

एएमयू चुनाव : वीमेंस कॉलेज में नबा नसीम बनीं अध्यक्ष

वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ की नबा नसीम अध्यक्ष बनी हैं। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा नबा लखनऊ के गोमती नगर की रहने वाली हैं। दिनभर मतदान के बाद देर शाम मतगणना शुरू हुई। कुल 68.8 फीसद मतदान हुआ। रात को परिणाम घोषित किया गया। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थीं। नाबा नसीम को 916 वोट मिले। इन्होंने बीएससी द्वितीय की छात्रा नेहा किरमानी को 72 वोटों से हराया है। नेहा को 847 वोट मिल सके। तीसरे स्थान पर बीएस तृतीय की छात्रा उमामा हसीम रहीं, जिन्हें 97 वोट मिल सके।

उपाध्यक्ष पद पर निदा अकरम को जीत हासिल हुई है। इन्हें 641 वोट मिले हैं। बीकॉम फाइनल की यह छात्रा ऊपर कोट अलीगढ़ की रहने वाली हैं। निदा ने बीएससी फाइनल की छात्रा सारा दिलशाद को 26 वोटों से हराया है। सारा को 615 वोट मिले। तीसरे स्थान पर बीएससी फाइनल की छात्रा महीदा जईम रहीं, जिन्हें 609 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर कुल तीन ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं।

बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा फबीहा अहमद सचिव बनी हैं। इन्हें 978 वोट मिले हैं। बिजनौर के नहटौर की रहने वाली इस छात्रा ने बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा साजिया इमाम को 98 वोटों से हराया है। साजिया को 880 वोट मिले। फबीहा के पिता तनवीर अहमद फैजाबाद में जज हैं। परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज में जश्न का माहौल बन गया। छात्र संघ के लिए छह बूथों पर आठ प्रत्याशियों के लिए कुल 2789 में से 1899 वोट पड़े। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.