अलीगढ़ में भाजपा नेता के पुत्र की हत्या के विरोध में बाजार बंद
भाजपा नेता विजय पंडि़त के बेटे नमन (18) की हत्या के विरोध में आज कस्बा जट्टारी के व्यापारियों ने बाजार बंद रखा है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय पंडित के इकलौते पुत्र की हत्या के मामले में अलीगढ़ में काफी आक्रोश है। कस्बा जट्टारी के आक्रोशित लोगों ने आज बाजार बंद रखा है।
भाजपा नेता विजय पंडि़त के बेटे नमन (18) की हत्या के विरोध में आज कस्बा जट्टारी के व्यापारियों ने बाजार बंद रखा है। नमन की कल देर रात हत्या की गई थी। कस्बे में उसके घर के बाहर ही पांच-छह बाइक सवार बदमाशों ने अंकित पंडित को घेरने के बाद गोली मार दी। इस घटना से गुस्साए लोगों ने कल दो घंटे तक जाम लगाया था। इसके बाद पुलिस में 24 घंटे के अंदर बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस घटना में कुछ लोगों पर शक जताया गया है, जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि अलीगढ़ के कस्बा जïट्टारी में भाजपा के नगर महामंत्री विजय पंडित के इकलौते बेटे नमन पंडित की कल घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी। जिस वक्त हमला हुआ, वह भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शेर सिंह के बेटे के विवाह समारोह से लौट रहा था। नमन कस्बे के ही श्रीजी पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र था। स्कूली दोस्तों से झगड़ा होने की वजह से हमलावर भी यहीं के होने के कयास लगाए जा रहे हैं। घर के पास गोलियों की गूंज पर दौड़े परिवार के लोगों ने जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डेढ़ घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
जट्टारी के मोहल्ला पांच बिसा में रहने वाले विजय पंडित का बेटा नमन कल कस्बे के ही उत्सव मैरिज होम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शेर सिंह के बेटे की शादी में गया था। पिता के पांव में फ्रैक्चर के कारण नमन ही दोनों बड़ी बहनों को बाइक से ले गया था। साढ़े नौ बजे बहनों को घर छोड़कर वह फिर मैरिज होम गया। इसके बाद करीब 10 बजे लौटते वक्त घर के पास दो बाइक पर आए छह हमलावरों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौच करते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं। नमन के पेट से दो गोलियां पार हो गईं। टप्पल इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि परिजनों ने पड़ोसी गांव उसरह के सागर नाम के युवक पर शक जताया है। उसका पता लगा रहे हैैं।