गेस्ट हाउस और स्कूल समेत कई भवन सील
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अवैध निर्माण के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की सीलिंग की कार्रवाई
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अवैध निर्माण के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की सीलिंग की कार्रवाई जारी है। बुधवार को क्वार्सी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां यह एक गेस्ट हाउस, स्कूल सील हुआ। दो स्थानों पर बने हुए एक दर्जन के करीब फ्लैट पर भी कार्रवाई की गई।
सहायक नगर नियोजक अधिकारी केके बंसला के नेतृत्व में टीम सबसे पहले नगला तिकोना स्थित सूर सरोवर कॉलोनी पहुंची। यहां राकेश कुमार सिंह ने बिना नक्शे के ही कृष्णा गेस्ट हाउस बना रखा था। दो हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण था। टीम ने इसे सील कर दिया। इसके बाद रामघाट रोड चौधरी ढाबा के बराबर वाली गली में मनोज वर्मा के यहां टीम पहुंची। यहां ग्राउंड फ्लोर पर पांच फ्लैट बने थे। इनका भी कोई नक्शा पास नहीं था। इसे भी सील कर दिया गया। यहां से टीम जाफरी ड्रेन रोड पर पहुंची। यहां पर संजीव शर्मा ने बिना नक्शे के ही चार फ्लैट बना रखे थे। इन्हें सील कर दिया गया। सबसे अंत में टीम शंकर विहार पहुंची। यहां कुंवर पाल सिंह के अवैध निर्माण पर कार्रवाई हुई। इस निर्माण पर भवन स्वामी ने स्कूल का बोर्ड लगा रखा था। यहां भी कोई नक्शा पास नहीं था। इस मौके पर क्षेत्रीय अवर अभियंता गंगेश सिंह, डीके शर्मा, नवीन शर्मा, मदन मोहन समेत अन्य मौजूद रहे।
ध्वस्तीकरण के नाम पर चुप्पी
मंडलायुक्त की सख्ती के बाद एडीए ने अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू जरूर की है, लेकिन सिर्फ सीलिंग हो रही है। ध्वस्तीकरण के नाम पर अफसर चुप्पी साधे हैं, जबकि इसके आदेश हो चुके हैं।