भाजपाई नेताओं के खिलाफ नाराजगी, हर कोई हैरान Aligarh news
आजादी के बाद यह पहला चुनाव है जिसमें सबसे कम 37.06 फीसद मतदान हुआ। हारजीत का फैसला 24 अक्टूबर को मतगणना के बाद होगा लेकिन कम मतदान के अंजाम पर कयास लगाए जाने लगे हैं।
अलीगढ़ (जेएनएन)। इगलास विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को हुए मतदान ने भाजपाइयों के होश उड़ा दिए हैं। आजादी के बाद यह पहला चुनाव है जिसमें सबसे कम 37.06 फीसद मतदान हुआ। हारजीत का फैसला 24 अक्टूबर को मतगणना के बाद होगा, लेकिन कम मतदान के अंजाम पर कयास लगाए जाने लगे हैं। एक लाख से भी अधिक मतों से जीत का दावा करने वाले भाजपाई हैरान हैं तो बसपा की बांझें खिली हुई हैं। दोनों में कड़ी टक्कर दिखी।
पहले भाजपा को मिले थे खूब वोट
2017 में विधानसभा चुनाव में 64.88 फीसद मतदान हुआ था। तब भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में 62.31 फीसद मतदान हुआ था। भाजपा को जबर्दस्त वोट मिले थे, लेकिन विधायक के लिए उपचुनाव में मतदान की प्रक्रिया जिस तरह मतदान बहिष्कार के साथ शुरू हुई, उसने संदेश दे दिया था कि मतदाता घर से निकलने के मूड में नहीं हैं।
मतदाताओं ने निकाली भड़ास
20 बूथों पर दोपहर मतदान शुरू हो सका। अन्य बूथों पर भी जोश नजर न आया। छुट्टा पशुओं से नाराज किसान गुस्से में थे। अफसरों के सामने उन्होंने विकास कार्यों को लेकर भी भड़ास निकाली। अति उत्साही भाजपा इसे भांप नहीं सके। राष्ट्रीय लोकदल का पर्चा निरस्त होने से भी भाजपाई सातवें आसमान पर थे, अपने सामने वह किसी को मुकाबले में मान भी नहीं रहे थे। मतदान फीसद के बाद से साफ हो गया कि भाजपा के लिए राह आसान नहीं है। बसपा ने कड़ी टक्कर दी है।