Move to Jagran APP

अलीगढ़ में आधार कार्ड के बहाने हो रही राशन की लूट

शहर व देहात में राशन डीलर आधार के बहाने राशन की लूट कर रहे हैं। आधार कार्ड लिंक न होने के नाम पर गरीबों को राशन नहीं दे रहे।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Published: Thu, 22 Nov 2018 10:28 AM (IST)Updated: Thu, 22 Nov 2018 10:28 AM (IST)
अलीगढ़ में आधार कार्ड के बहाने हो रही राशन की लूट
अलीगढ़ में आधार कार्ड के बहाने हो रही राशन की लूट

अलीगढ़ (सुरजीत पुंढीर)। शहर व देहात में राशन डीलर आधार के बहाने राशन की लूट कर रहे हैं। आधार कार्ड लिंक न होने के नाम पर गरीबों को राशन नहीं दे रहे। जबकि शासन से आधार के बिना भी राशन देने का नियम है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है।

loksabha election banner

जिले की स्थिति

जिले में करीब 1400 राशन की दुकानें हैं। इनसे करीब साढ़े छह लाख राशन कार्ड धारक जुड़े हैं। 24 हजार अंत्योदय व अन्य पात्र गृहस्थी के हैं। राष्ट्रीय खाद्य अधिनियम 2013 के तहत अंत्योदय कार्ड धारक को एक मुश्त 35 किलो राशन (20 किलो गेहूं व 15 किलो चावल) व दो लीटर केरोसिन मिलता है।  पात्र गृहस्थी कार्ड धारक को प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल और दो लीटर केरोसिन मिलता है।

आधार के नाम पर लूट

अब सरकार ने राशन कार्ड आधार कार्ड से लिंक कर दिया है। अब तक जिले में 92 फीसद आधार राशन कार्ड से लिंक हो चुके हैं। आठ फीसद रह गए हैं इन्हीं लोगों से डीलर राशन में खेल कर रहे हैं। सरकार से ही राशन न आने की बात कहकर टरका देते हैं। जबकि इनके नाम के राशन की कालाबाजारी कर देते हैं।

प्रॉक्सी में 25 के बाद है नियम

शासन से बिना आधार लिंक वालों का भी पूरा राशन आ रहा है। अगर मुखिया का आधार लिंक है और अन्य सदस्य का नहीं तो भी पूरे परिवार का राशन मिलेगा। मुखिया का आधार नहीं जुड़ा है तो माह की 25 तारीख के बाद प्रॉक्सी से राशन दिया जाएगा।

टरका देता है राशन डीलर

 नौरंगाबाद निवासी माया देवी के परिवार में छह सदस्य हैं। पति के अलावा चार बच्चे हैं। छह में चार के आधार कार्ड  राशन कार्ड से लिंक हैं। राशन डीलर इन्हें चार सदस्यों का राशन दे रहा है। दो के लिए आधार कार्ड लिंक न होने की कहकर टरका देता है। माया देवी ने कई बार इसकी शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

शिकायत के बाद भी नहीं होती सुनवाई

जमालपुर की महबूबा बानो के परिवार में नौ सदस्य हैं। राशन कार्ड में आधार महज छह लोगों के ही जुड़े हैं। डीलर उन्हें छह सदस्यों के हिसाब से ही राशन देता है। कहने पर सुनवाई नहीं होती। बिना आधार तीन लोगों का राशन नहीं मिल पा रहा है। तीन लोगों का राशन हर माह डीलर हड़प रहा है।

डीलर के खिलाफ होगी कार्रवाई

डीएसओ नीरज सिंह का कहना है कि सरकार से बिना आधार के राशन पर कोई रोक नहीं है। डीलर ऐसा कर रहे हैं तो यह गलत है। जांच कराएंगे, जो डीलर ऐसा करते मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.