Lockdown 3: कुर्ता-पाजामा की नहीं होगी धमक, फीकी पड़ गई ईद Aligarh news
दुनिया के कई देशों में धाक जमाए शहजादा कुर्ताघर ब्रांड की ईद इस बार फीकी रहेगी। लॉकडाउन के चलते देश के कई राज्यों में माल डंप है।
अलीगढ़ [जेएनएन]: दुनिया के कई देशों में धाक जमाए 'शहजादा कुर्ताघर ' ब्रांड की ईद इस बार फीकी रहेगी। लॉकडाउन के चलते देश के कई राज्यों में माल डंप है। सूरत, अहमदाबाद, मुंबई से कुर्ता-पाजामा के लिए कपड़ा नहीं आ पा रहा है। सिलने के लिए गया लाखों रुपये का कपड़ा लखनऊ में फंसा पड़ा है। इसके चलते दूसरे शहर, राज्य व देशों में इस बार कुर्ता-पाजामा जा नहीं सकेंगे। इससे एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। रेलवे रोड पर अब्दुल करीम चौराहा स्थित 'शहजादा कुर्ताघर ' के कुर्ता-पाजामा को दुबई, संयुक्त अरब अमीरात, अफगानिस्तान, बांग्लादेश आदि देशों में पसंद किया जाता है। इंग्लैंड, अमेरिका, सिंगापुर आदि देशों में रह रहे अलीगढ़ के लोग भी यहां कुर्ता-पाजामा मंगवाते हैं। ईद से दो महीने पहले ही ऑनलाइन खरीदारी शुरू हो जाती थी। इसलिए सितंबर से ही तैयारी शुरू हो जाती है। शहजादा कुर्ताघर के मालिक आसिफ कुर्ते वाले बताते हैं कि हर साल हम कुर्ता-पाजामा की डिजाइन बदल देते हैं।
तैयारी की थी शुरू, अब सब बंद
आसिफ बताते हैं कि अधिकांश कुर्ता-पाजामा अपने यहां कारीगरों से तैयार कराते हैं। लखनवी कुर्ता की डिमांड को देखते हुए लखनऊ से भी तैयार कराया जाता है। मैंने वहां कपड़े भेज दिए थे, मॉल भी तैयार हो गया था, मगर लॉकडाउन के चलते फंस गया।
कपड़े भी नहीं आ पाए
आसिफ ने बताया कि सूरत, अहमदाबाद, मुंबई व कोलकाता से कुर्ता-पाजामा के लिए कपड़ा आता है। सभी जगहों पर मॉल फंसा पड़ा है,
नहीं मिल सकी अनुमति
आसिफ बताते हैं कि ईद को देखते हुए वह सिटी मजिस्ट्रेट से अनुमति लेने गए थे। शहर में स्थिति को देखते हुए दुकान खोलने की अनुमति नहीं मिल पाई। ट्रांसपोर्ट भी चालू नहीं हो पाया है, इसलिए मॉल भेजना संभव नहीं हो सकेगा।