Live Aligarh Coronavirus News Update : हाथरस में 22 तब्लीगी जमातियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सासनी में 31 मार्च और एक अप्रैल को लाला के नगला हाथरस और सासनी कस्बे में मिले 22 जमातियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं।
हाथरस [जेएनएन ]: उत्तर प्रदेश के जिले हाथरस की तहसील सासनी में 31 मार्च और एक अप्रैल को लाला के नगला हाथरस और सासनी कस्बे में मिले 22 जमातियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं। यह लोग तब्लीगी जमात में शामिल रहे थे। इनमें आजमगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और सासनी हाथरस के जमाती शामिल हैं।
यह है मामला
सासनी कस्बा चौकी प्रभारी एसआई मनोज कुमार शर्मा ने इस मामले में तहरीर दी है। उनकी तहरीर के आधार पर बिजलीघर सासनी स्थित मस्जिद से पकड़े गए पश्चिम बंगला और झारखंड के आठ जमाती और हाथरस के लाला के नगला से पकड़े गए आजमगढ़ के 11 जमातियों समेत 22 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तहरीर में आरोप है कि जमातियों ने लापरवाही पूर्ण तरीके से कोरोना जैसी महामारी को फैलाकर जन सामान्य के जीवन को संकट में डाला है। इस कारण कस्बा सासनी के चार और हाथरस के तीन व्यक्तियों को संक्रमित हुए।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
एसके अंसारी, शेख मुस्ताख, एसके किताबुल, शेख ताहिर हुसैन निवासीगण पश्चिमी बंगाल व हब्दुल हमीद, हबीबुल अंसारी,अब्दुल कादिर,मो. इसराइल निवासीगण झारखंड, आजिम, रहम दिल,मोहम्मद कैफ,निवासीगण नगला भूरा सासनी हाथरस, निहाल अहमद, अब्दुल कयूम, इसरार अहमद, अब्दुल सलाम, तौफीक अहमद, आशमा, समीमुननिशा, नूरजंहा, असीररूननिशा, सितारुननिशा, जफरूननिशा, समस्त निवासीगण जनपद आजमगढ़ के खिलाफ आईपीसी की धारा 269,270, 188 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
छोड़े जाने के बाद दर्ज किया मुकदमा
3 मई को पुलिस ने 22 जमातियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जबकि उन्हें एक अप्रैल को पकड़ा गया था। 14 दिन का क्वारंटाइन का समय पूरा होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। आजमगढ़ और सासनी के रहने वाले जमातियों को 15 दिन पहले ही क्वारंटाइन सेंटर से घर भेजा जा चुका है। आजमगढ़ के जमातियों को खुद जिला प्रशासन ने बस द्वारा आजमगढ़ भिजवाया था। अब करीब 20 दिन बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी गौरव बंसवाल का कहना है कि कुल 22 जमातियों को खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसकी जांच चल रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।