अलीगढ़ में नलकूप पर सो रहे किसान की हत्या
अलीगढ़ : थाना पिसावा क्षेत्र के गांव राऊपुर में नलकूप पर सो रहे एक किसान की धारदार हथियार से गला रेत
अलीगढ़ : थाना पिसावा क्षेत्र के गांव राऊपुर में नलकूप पर सो रहे एक किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। गले के अलावा पेट पर भी चोट के निशान हैं। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सुबह किसान के परिजनों को जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। सूचना के करीब आधा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
पिसावा क्षेत्र के गांव राऊपुर के रहने वाले किसान चेतराम (50) रोजाना अपने खेत पर मौजूद नलकूप पर सोते थे। सोमवार की रात चेतराम घर में खाना खाने के बाद आमदिनों की तरह नलकूप पर चले गए। नलकूप के पास पेड़ के नीचे चेतराम सो गए। बताते हैं कि रात में बदमाशों ने धावा बोल दिया और किसान चेतराम की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। गले के अलावा पेट पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया है। चर्चा है कि सुबह किसी व्यक्ति ने किसान को मृत अवस्था में देख लिया। इस व्यक्ति ने किसान के मृत होने की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन व आसपास के रहने वाले लोग खेत पर दौड़ पड़े। मृत चेतराम को देखते ही गांव में कोहराम मच गया। तभी किसी ग्रामीण ने पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। सूचना मिलने के करीब आधा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना के बारे में ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन हत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है।