कासिमपुर प्रधान की मेहनत रंग लायी, गंगा नहर के घाट का कायाकल्प कर बनाएंगे पर्यटन स्थल
कासिमपुर गंगा नहर के पुल पर बने पक्के घाटों को कासिमपुर प्रधान आकर्षक व सुंदर बनाने के साथ ही इसे पर्यटन के रूप में विकसित करेंगे। इसके लिए वे काफी समय से प्रयासरत थे। अंतत सिंचाई विभाग ने उन्हेंं सशर्त परमिशन दे दी है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। जहां सरकार नदियों को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है वहीं नदियों की महत्ता को ध्यान में रखते हुए कासिमपुर देहात के ग्राम प्रधान व प्रधान संगठन के अध्यक्ष शिव कुमार चौहान ने कासिमपुर गंगा नहर के पुल पर बने पक्के घाटों को आकर्षक व सुंदर रूप देकर पर्यटन स्थल बनाने का बीड़ा उठाया है।
सिंचाई विभाग ने सशर्त दी परमिशन
इस कार्य के लिए वह एक वर्ष से निरंतर प्रयासरत हैं जिसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर सिंचाई विभाग व पंचायत विभाग के आला अधिकारियों से पत्र के माध्यम से प्रार्थना की है। शुरू में इस कार्य के लिए उन्हें सिंचाई विभाग की परमिशन के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़े अब जाकर उन्हें सिंचाई विभाग द्वारा सशर्त परमिशन दे दी गई है। हालांकि इसमें वह नया कुछ भी निर्माण नहीं करा सकते लेकिन पुल के दोनों तरफ बने घाटों उनकी सीढ़ियों व स्नान के लिए बनाई जंजीरों को ठीक कराएंगे व घाटों की साफ-सफाई करा कर उनकी रंगाई पुताई करा कर उन्हें आकर्षक व भव्य रूप देंगे। हालांकि पौधरोपण तो वन विभाग व सिंचाई विभाग द्वारा पहले ही कराया जा चुका है इसके अलावा उसकी सुंदरता में चार चांद लगाने के लिए वह कुछ सुंदर पेड़ पौधे एवं फुलवारी भी लगाएंगे। एवं मनरेगा की तरफ से मिट्टी का कार्य कराएंगे। साथ ही ग्राम पंचायत निधि से जो भी संभव कार्य होगा कराएंगे।
इनका कहना है
मैंने स्थानीय गंगा नहर को स्वच्छ रखने वहां पर पर्यटन स्थल बनाने का संकल्प लिया है। आज भी काफी लोग दूरदराज से गंगा नहर के पुल पर पिकनिक मनाने के लिए आते हैं। क्योंकि यह पुल मेरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में आता है मुझे खुद ही अनुभूति हुई कि अगर इसे एक सुंदर आकर्षक व भव्य रुप दिया जाए तो यह लोगों के आकर्षण का केंद्र तो बनेगा ही इससे मेरे गांव का नाम भी रोशन होगा।
शिव कुमार चौहान, ग्राम प्रधान कासिमपुर