जेएन मेडिकल के डॉक्टर ने होटल में काटी हाथ की नस, हालत गंभीर Aligarh News
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में तैनात केरल के डॉक्टर ने बुधवार शाम को होटल पाम ट्री में हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की।
अलीगढ़ जेएनएन : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में तैनात केरल के डॉक्टर ने बुधवार शाम को होटल पाम ट्री में हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की। पत्नी से झगड़ा करने के बाद डॉक्टर ने बाकायदा होटल में रूम बुक किया था। अन्य डॉक्टर तलाश करते पहुंचे तो डॉक्टर लहूलुहान पड़े थे। काफी खून बह चुका था। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह है वजह
केरल के निकुंजम पैलेस वार्ड के रहने वाले डॉ. हरीकृष्णन यहां सिविल लाइंस क्षेत्र के इकरा कालोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वे मेडिकल कॉलेज के रेडियो डायगनोसिस विभाग में डॉक्टर हैं। बताया जा रहा है कि घर में तनाव चल रहा था। इसी के चलते बुधवार दोपहर को पत्नी से झगड़ा हुआ। गुस्साए डॉक्टर बाइक लेकर मैरिस रोड स्थित होटल पाम ट्री में आए। यहां चार बजे चेक-इन करते हुए छह अगस्त की दोपहर 12 बजे तक के लिए रूम नंबर 109 बुक किया। फोन पर संपर्क न होने पर पत्नी ने मेडिकल में डॉक्टरों को सूचना दी।
डॉक्टर ने ब्लेड से हाथ की नस काटी
डॉक्टर तलाश करते हुए आए। होटल के बाहर बाइक खड़ी दिखी तो पूछताछ की। रूम का दरवाजा बंद था। काफी देर खटखटाने पर डॉक्टर ने खुद ही दरवाजा खोला। वे खून से लथपथ थे। पुलिस व प्रशासन के अफसर पहुंच गए। डॉक्टर ने ब्लेड से हाथ की नस काटी थी। डायजापाम का इंजेक्शन भी लगाया था। गंभीर हालत में डॉक्टर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर मानसिक रूप से परेशान थे। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस प्रो. शाहिद सिद्दीकी ने बताया कि डॉ. हरी कृष्णन की हालत गंभीर है। खून काफी बह चुका है। उनका ब्लड ग्रुप ए निगेटिव है, जो रेयर है।