जेवर के युवक की अलीगढ़ में हत्या
काम की तलाश में आए गौतमबुद्ध नगर के गांव माड़नपुर निवासी एक युवक की अलीगढ़ के हरदुआगंज ा क्षेत्र में हत्या कर दी गई। हत्या करने वालों का अभी पता नहीं लग सका है।
अलीगढ़ : गौतमबुद्ध नगर के गांव माड़नपुर निवासी एक युवक की अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र स्थित गांव महमूदपुर में हत्या कर दी गई। वह काम की तलाश में दस दिन पहले यहां अपनी ननिहाल आए थे। हत्या किसने और क्यों की, यह अभी पता नहीं लग सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव माड़नपुर निवासी शेखर पुत्र लाखन सिंह कई दिनों से रोजगार को लेकर परेशान थे। उनकी महमूदपुर के नगला बंजारा में ननिहाल है। वह 17 अप्रैल को ननिहाल आए थे। मामा भूरी सिंह के मुताबिक शेखर काम की तलाश में यहां आए थे। 24 अप्रैल को अचानक गायब हो गए। तभी से परिजन तलाश में जुटे थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं लगा। गुरुवार दोपहर गांव के निकट ही चंगेरी पुल के पास पशु चरा रहे लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा तो शोर मचाया। जानकारी मिलने पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान शेखर के रूप में की गई। इसकी सूचना पाकर परिवार में कोहराम मच गया। जेवर से परिजन हरदुआगंज आ गए। परिजनों के मुताबिक दो बच्चों का पिता शेखर मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। वह काम की तलाश में ही ननिहाल आए थे। उन्होंने किसी भी रंजिश से इन्कार किया है। थाना प्रभारी डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि हत्या क्यों और किसने की, इसकी अभी जांच की जा रही है। परिजनों ने किसी से रंजिश से इन्कार किया है।