Assembly elections 2022 : आशीर्वाद पथ सभा से जयंत रखेंगे विधानसभा चुनाव की नींव Hathras News
सीएम योगी का सादाबाद में संभावित दौरा टलने के बाद रालोद के मुखिया जयंत चौधरी 13 अक्टूबर को आशीर्वाद पथ सभा से चुनाव की नींव रखने आ रहे हैं। चुनाव से पहले इस सभा को राजनीतिक गलियारों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
हाथरस, जागरण संवाददाता । विधानसभा चुनाव-2022 का बिगुल बज चुका है। मुद्दों की राजनीति गर्माने लगी है। इसी राजनीति में राजनीतिक दलों में वोटों को लुभाने की होड़ मची हुई है। खैर कुछ भी हो फिलहाल महंगाई, विकास, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था के लिए लड़ाई में खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश व ब्रज क्षेत्र में किसानों से जुड़े मुद्दे विकास और अन्य मुद्दों पर भारी पड़ रहे हैं। सीएम योगी का सादाबाद में संभावित दौरा टलने के बाद रालोद के मुखिया जयंत चौधरी 13 अक्टूबर को आशीर्वाद पथ सभा से चुनाव की नींव रखने आ रहे हैं। चुनाव से पहले इस सभा को राजनीतिक गलियारों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
जयंत की सभा के लिए जुटे रालोद कार्यकर्ता
सादाबाद के छावी मियां बाग में जयंत की सभा होने जा रही है। इससे पहले योगी की सभा की तैयारियां थी लेकिन जानकार बताते हैं कि लखीमपुर खीरी प्रकरण के कारण आयोजन फिलहाल टल गया है। अभी अधिकारी और भाजपा संगठन के पास उनके कार्यक्रम की निश्चित तिथि नहीं है। फिलहाल जयंत की सभा में रालोद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। नुक्कड़ सभाएं चल रही हैं और जगह-जगह स्वागत के लिए होर्डिंग लग रही है। चुनाव के दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं। सादाबाद मथुरा, अलीगढ़ और आगरा के बार्डर पर होने के साथ जाट बाहुल्य भी है। यहां पर आयोजित सभा का संदेश दूर तक देने की तैयारी है। हालांकि जब जयंत चौधरी पंचायत चुनाव के समय सादाबाद में सभा कर चुके हैं। अब उनके पिता छोटे चौधरी अजीत सिंह का निधन हो चुका है। अब चौधरी परिवार की राजनीतिक विरासत की जिम्मेदारी उनके कंधे पर ही है। मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए उनके पास किसानों से जुडे़ मुद्दे हैं।
किसानों के मसीहा थे चौधरी चरण सिंह
उनके बाबा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा माना जाता है। उनका विचार देश के विकास का रास्ता खेतों से होकर जाता है, आज भी लोगों के जहन में है। उनके कट्टर समर्थक आज भी उनके परिवार से जुड़े हुए हैं। सादाबाद रालोद का मजबूत गढ़ माना जाता है। पंचायत चुनाव में सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से रालोद के पक्ष में अच्छे परिणाम सामने आए हैं।