दूधिया रोशनी में जगमगाएगा जवाहर भवन, छाएगी हरियाली Aligarh news
सेवाभवन को रंगीन रोशनियों से सजाने के बाद अब जवाहर भवन को भी संवारने की तैयारी है। इस ऐतिहासिक इमारत को लाइटिंग के अलावा हरियाली से भी आकर्षक बनाया जाएगा। नर्सरी का काम लगभग पूरा हो चुका है। पार्क में पौधरोपण कर लाइट लगाई जाएंगी।
अलीगढ़, जेएनएन : सेवाभवन को रंगीन रोशनियों से सजाने के बाद अब जवाहर भवन को भी संवारने की तैयारी है। इस ऐतिहासिक इमारत को लाइटिंग के अलावा हरियाली से भी आकर्षक बनाया जाएगा। नर्सरी का काम लगभग पूरा हो चुका है। पार्क में पौधरोपण कर लाइट लगाई जाएंगी।
सजेंगी शहर की ऐतिहासिक इमारतें
नगर निगम शहर की ऐतिहासिक इमारतों के अलावा अपने भवनों को भी आकर्षक बना रहा है। पहले चरण में घंटाघर पार्क और सेवाभवन को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। एलईडी लाइट लगवाई गईं, जिससे इन इमारतों की खूबसूरती रात में भी नजर आए। ऊपरकोट जामा मस्जिद को भी संवारने की कार्ययोजना तैयार की गई है। पिछले ही दिनों नगर आयुक्त व मेयर के साथ स्मार्ट सिटी की तकनीकि टीम ने मस्जिद का जायजा लिया था। यहां भी जगह-जगह एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा जवाहर भवन को सजाया जाएगा। जवाहर भवन परिसर में मेयर कार्यालय के सामने नर्सरी तैयार की गई है। यहां विभिन्न प्रकार के पौधे हैं। पौधरोपण के लिए निगम बाहर से पौधे खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी। इसी नर्सरी से पौधे लिए जाएंगे। नर्सरी के पास ही पार्क है, जिसे विकसित किया जाएगा। यहां जगह-जगह फुलवारी लगेगी, बैठने की समुचित व्यवस्था होगी। दूसरे हिस्से में ग्रीन बेल्ट बनाने के लिए काफी जगह है। यहां भी पौधरोपण कराया जाएगा। जवाहर भवन परिसर में जगह-जगह कूड़ेदान रखने के भी निर्देश दिए हैं, जिससे लोग इधर-उधर कचरा न फेंके। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। घंटाघर, सेवाभवन पर काम कराया गया है। जामा मस्जिद, जवाहर भवन को भी सजाया, संवारा जाएगा।