अलीगढ़ में गरज और चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना
मानसून की दस्तक के बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज और चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हुआ है।
अलीगढ़, जेएनएन। मानसून की दस्तक के बाद अलीगढ़ में वर्षा मौसम बदला है। आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज और चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हुआ है।
जलभराव से जूझे शहर के निचले इलाके
अलीगढ़। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को गुरुवार को हुई झमाझम बरसात ने राहत तो दिलाई, मगर जलभराव से मुश्किलें भी बढ़ गईं। पुराने शहर की ज्यादातर गलियां पानी-पानी हो गईं। गलियों में पानी भरा होने से गड्ढे और बदहाल मैनहोल नजर नहीं आए। राहगीर इनमें ठोकर खाकर गिरते रहे। नालों की निकासी अवरुद्ध होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। रामघाट रोड, जीटी रोड, आगरा रोड आदि प्रमुख मार्गों पर गनीमत रही। लेकिन, इनसे सटे निचले इलाके जलभराव की समस्या से जूझे। आसमान पर सुबह बादल छाए देख बरसात का अाभास हो गया था। नौ बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ देर बूंदाबांदी थमी, फिर झमाझम बरसात होने लगी। बरसात के साथ चल रही तेज हवा सुकून दे रही थी। लेकिन, निचले इलाकों में जलभराव की संभावना लोगों की चिंता भी बढ़ा रही थी। आधा घंटा हुई बरसात ने इन संभावनाओं काे सच साबित कर दिया। गलियां जलमग्न हो गईं। सासनीगेट क्षेत्र के पला रोड पर पानी भर गया। अचल ताल पर गिलहराज मंदिर के सामने पूरी सड़क पानी में डूब गई। सुदामापुरी, महेंद्र नगर में भी यही हाल था। शाहजमाल एडीए कालोनी भी जलभराव से जूझी। इंद्रा नगर के सामने खैर रोड पर जलभराव ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अन्य क्षेत्रों में भी कमोवेश यही हालात थे। नालों की निकासी अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। सड़कों पर भरे गंदे पानी से स्पष्ट हो रहा था कि नाले सड़कों पर बह रहे हैं। नगर निगम ने रामघाट रोड, छर्रा अड्डा, गूलर रोड, जीटी रोड पर जलनिकासी की व्यवस्था तो करा दी, मगर निचले इलाकों में कोई कार्ययोजना नहीं बनाई। हल्की बरसात में भी ये इलाके जलमग्न हो जाते हैं।
पूर्वानुमान, अधिकतम, न्यूनतम
अलीगढ़
01 जुलाई,33,22
02 जुलाई,31,22
हाथरस
01 जुलाई,36.9,29.5,
02 जुलाई,36.9,32.0
मथुरा
01 जुलाई,31,22
02 जुलाई,34,24