प्रपोज-डे पर एकतरफा प्यार में आशिक ने उड़ेल दिया तेजाब
सादाबाद में एकतरफा प्यार में नाकाम गांव तसींगा के युवक ने प्रपोज डे की रात किशोरी पर तेजाब फेंक दिया। आधी रात को सोते समय हुए हमले से किशोरी बुरी तरह झुलस गई।
हाथरस (जेएनएन)। सादाबाद में एकतरफा प्यार में नाकाम गांव तसींगा के युवक ने प्रपोज डे की रात किशोरी पर तेजाब फेंक दिया। आधी रात को सोते समय हुए हमले से किशोरी बुरी तरह झुलस गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल उसकी हालत ठीक है। किशोरी के मामा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्यार के इजहार में किया था मना
किशोरी के मामा के मुताबिक युवक भूरा पुत्र खचेर सिंह बीते कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। वेलेंटाइन डे को लेकर आरोपित किशोरी पर प्यार के इजहार का दबाव बना रहा था। आरोपित ने किशोरी को उसकी बात न मानने पर तेजाब से हमला करने की धमकी दी थी। किशोरी ने धमकी को हल्के में ले लिया और परिजनों को भी कुछ नहीं बताया।
घर पर शो रही थी किशोरी
शुक्रवार को आरोपित ने प्यार के इजहार की फिर कोशिश की, लेकिन किशोरी ने साफ मना कर दिया। कहा, परिजनों से शिकायत करने की भी चेतावनी दी। इसके बाद आरोपित रात एक बजे तेजाब की बोतल लेकर घर से निकला और चुपचाप किशोरी के घर पहुंच गया। किशोरी अपने कमरे में जंगले के सहारे सो रही थी। आरोपित ने जंगले से तेजाब की बोतल किशोरी पर उड़ेल दी। तेजाब पड़ते ही किशोरी की चीख निकल गई।
किशोरी का कराया चिकित्सकीय परीक्षण
आरोपित मौके से भाग गया। परिजन दौड़कर किशोरी के कमरे में पहुंचे। किशोरी के हाथ और चेहरे के नीचे का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया था। उसे रात में ही सादाबाद के अस्पताल ले जाया गया। किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
आरोपित की जा रही तलाश
सादाबाद कोतवाली के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि किशोरी पर तेजाब से हमला हुआ है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।