वकीलों के केबिन में तोडफ़ोड़, पकड़े गए युवकों के समर्थन में एएमयू छात्रों ने किया हंगामा
कोल तहसील परिसर में अराजक तत्वों ने वकीलों के केबिन में तोडफ़ोड़ कर दी। बक्सों के जरूरी दस्तावेज निकाल कर आग लगाने का प्रयास किया। कई जरूरी दस्तावेज गायब हैं।
अलीगढ़ (जेएनएन)। कोल तहसील परिसर में अराजक तत्वों ने वकीलों के केबिन में तोडफ़ोड़ कर दी। बक्सों के जरूरी दस्तावेज निकाल कर आग लगाने का प्रयास किया। कई जरूरी दस्तावेज गायब हैं। शक के आधार पर वकीलों ने सिटी स्कूल के दो छात्र पकड़ लिए। इससे गुस्साए एएमयू छात्रों ने तहसील में हंगामा कर दिया।
यह है मामला
वाकया रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है। तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष रक्षपाल सिंह राघव के मुताबिक हवालात के निकट वकीलों के चेंबर बने हुए हैं। पूरा परिसर लोहे की जाली से सुरक्षित है, गेट पर ताला लगा है। अराजक तत्व ताला तोड़कर अंदर घुसे थे और 20 वकीलों के बक्से, रैक निकाल कर तोडफ़ोड़ की। बैनामा, स्टांप व अन्य जरूरी दस्तावेज फाड़कर आग लगाने की कोशिश की गई। कुछ वकीलों के दस्तावेज आदि सामान गायब हैं। चेंबर के बाहर लगा सीसीटीवी खराब होने से घटना कैद नहीं हो सकी। तोडफ़ोड़ करने से पहले उन लोगों ने बिजली के तार काट दिए थे। बिजली जाने पर तहसील परिसर में सो रहे एक कर्मचारी की आंख खुली, लेकिन कर्मचारी उन्हें देख नहीं सका। दो चौकीदार भी वहां रहते हैं। इनकी नजर भी अराजक तत्वों पर नहीं पड़ी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने दिया कार्रवाई का भरोसा
अध्यक्ष ने बताया कि अगली सुबह सिटी स्कूल के दो छात्रों को तहसील परिसर में घूमते देखा तो शक होने पर पकड़ लिया। कुछ देर बाद दर्जन भर एएमयू छात्र आ गए और इन्हें ले गए। अध्यक्ष का कहना है कि बाउंड्री टूटी होने से अराजक तत्व अंदर आ जाते हैं और शराब पीते हैं। ऐसी घटना पहली बार हुई है। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्टे्रट नलिनी कांत ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। प्रकरण में अधिवक्ता विजय सिंह तेवतिया, मनीष कुमार, रहीस खान, पवन कुमार ने तहरीर दी है। इंस्पेक्टर बन्नादेवी जावेद खां ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।