लॉक डाउन में फैक्ट्री व कारखानों में होगा कामकाज Aligarh news
शहर में शनिवार और रविवार को फैक्ट्री और कारखाने खुलने की अनुमति उद्योग उपायुक्त द्वारा दे दी गई है। इससे व्यापारियों को राहत मिलेगी।
अलीगढ़, [जेएनएन]। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शनिवार और रविवार को लॉक डाउन किया जा रहा है। लेकिन प्रदेश में लॉक डाउन की यह पाबंदी फैक्ट्री व कारखानों पर लागू नहीं होगी। इस खबर से कर्मचारी व फैक्ट्री संचालकों के चेहरे पर खुशी है। शहर में शनिवार और रविवार को फैक्ट्री और कारखाने खुलने की अनुमति उद्योग उपायुक्त द्वारा दे दी गई है। इससे व्यापारियों को राहत मिलेगी। वह रोज की तरह अपना कामकाज शनिवार और रविवार को भी कर सकते हैं। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान का कहना है कि व्यापारियों की सहुलियत के लिए यह फैसला लिया गया है। फैक्ट्रियों में कामकाज करने वाले कर्मचारी और कामगार अपनी कंपनी या फर्म का परिचय पत्र दिखाकर आवागमन कर सकते हैं। परिचय पत्र दिखाने पर कर्मचारियों को नहीं रोका जाएगा। शहरी क्षेत्र के साथ इंडस्ट्री एस्टेट, रामघाट रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र ताला नगरी, अनूपशहर रोड छेरत स्थित सी एंड एफ औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों में कामकाज होगा।
बांकनेर गौमत चंडौस पर खुला पेट्रोल पंप
खैर गौमत चंडौस रोड बांकनेर पर शुक्रवार को श्री बाबूलाल फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) का रालोद के उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने ऑन लाइन उद्घाटन किया। औपचारिक उद्घाटन में पूर्व विधायक प्रमोद गौड, पूर्व विधायक चौ. सत्यपाल सिंह, रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी ने किया। पंप मालिक व पूर्व विधायक भगवती प्रसाद सूर्यवंशी व इंद्रपाल सिंह कहा कि इस क्षेत्र में काफी समय से कोई पेट्रोल पंप नहीं था। क्षेत्र के लोगों को बहुत परेशानी होती थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए यह पेट्रोल पंप खोला गया है। यहां पेट्रोल पंप की जरुरत थी। इस क्षेत्र की जनता व किसान को बेहतर सेवाएं दी जाएंगी।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर चौधरी, चौ. हम्बीर सिंह, शिव कुमार, पूर्व प्रधान प्रताप सिंह, कुलदीप चौधरी, संजू पंडित, मुकेश रावल, कालू चौधरी आदि मौजूद थे।