अलीगढ़ में संदीप सिंह बोल गंगा को अविरल-निर्मल बनाना सर्व समाज का दायित्व Aliagrh news
कहा पिछली सरकारों के समय में गंगा में गिरता था बूचड़खानों का पानी।
अलीगढ़ [जेएनएन] प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि गंगा को अविरल-निर्मल बनाना सर्व समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। ऐसे में अधिक से अधिक जन सहभागिता होना जरूरी है। केंद्र व प्रदेश सरकार भी इसके लिए गंभीर होकर काम कर रही हैं। यही कारण है कि गंगा का पानी तेजी से स्वच्छ हो रहा है। पहले जो लोग नहाने से भी डरते थे, अब वह इसी पानी का आचमन करते हैं।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने भी जोड़े थे सिर्फ हाथ
संदीप सिंह बुधवार को सांकरा में गंगा यात्रा के समापन अवसर पर केएस इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में बूचड़खानों का पानी गंगा में गिरता था। इसी कारण पिछली बार जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री गंगा नहाने आए तो वह गंदा पानी देखकर बिना नहाए हाथ जोड़कर वापस हो गए थे। लेकिन, जब से केंद्र में मोदी व प्रदेश में योगी सरकार आई है, तभी से गंगा को अविरल व निर्मल बनाने का काम हुआ है। इस बार का कुंभ भी ऐतिहासिक रहा। करोड़ों लोगों ने डुबकी लगाई। मॉरीशस के प्रधानमंत्री को भी इसमें आमंत्रित किया गया। वह आए और उन्होंने भी डुबकी लगाई। अब गंगा किनारे बसे गांव को विकसित किया जा रहा है। इन गांव में गंगा तालाब बन रहे हैं। इनमें दूषित पानी को यहीं पर रोका जाएगा। जैविक खेती के साथ ही पौधारोपण किया जा रहा है। ओपन जिम व गंगा मैदान बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम का मकसद 2022 तक हर व्यक्ति को घर देना तो 2024 तक हर घर को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना है। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। छुट्टा पशुओं के संरक्षण के लिए गोशालाएं बन रही हैं। उन्होंने सभी लोगों को गंगा की अविरलता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।