अलीगढ़ में किशोरी की हत्या कर शव खेत में फेंका
अकराबाद के नजदीक गांव गोपी लधौआ में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद कर दी हत्या,
अलीगढ़ : शहर से करीब पच्चीस किलोमीटर दूर अकराबाद के नजदीक गांव गोपी लधौआ में एक किशोरी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किशोरी को पहचानने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। संभावना जताई जा रही है कि किशोरी से पहले दुष्कर्म किया और बाद में हत्या कर शव खेत में फेंक दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी पहुंच गई।
अलीगढ़ के ब्लॉक अकराबाद क्षेत्र के गांव गोपी लधौआ में पेट्रोल पंप से आगे एक खेत में ग्रामीणों ने पंद्रह वर्षीय किशोरी का शव पड़े हुए देखा। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को दी, ताकि शिनाख्त हो सके। देखते ही देखते कुछ ही देर में अनेक ग्रामीण इकट्ठा हो गए। बाद में मौके पर पहुंचे लोगों ने किशोरी को पहचानने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चला। किशोरी सफेद रंग का सलवार सूट पहने हुए है। शरीर पर चोट के निशान भी हैं। बांये हाथ के बगल में भी चोट के निशान दिखाई दिए। संभावना जताई जा रही है कि किशोरी से दुष्कर्म के बाद शव खेत में फेंक दिया गया है। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जानकारी मिलने के करीब आधा घंटे में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया और बारीकी से छानबीन की। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस थोड़ी देर के लिए इंतजार करती रही। पुलिस को उम्मीद थी कि शायद कोई ग्रामीण शिनाख्त कर दे, लेकिन कोई भी पहचान नहीं सका। पुलिस के अनुसार किशोरी उम्र करीब 15 वर्ष है। दोपहर में पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में 24 घंटे के लिए रखवा दिया है।