अलीगढ़ में जाति पूछ महिला को मंदिर में घुसने से रोका, हंगामा
उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के चंडौस में शनिवार को एक अनुसूचित जाति की महिला को मंदिर में घुसने से रोक दिया। इस बात पर हंगामा हुआ।
अलीगढ़ जेएनएन: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के चंडौस में शनिवार को एक अनुसूचित जाति की महिला को मंदिर में घुसने से रोक दिया। इस बात पर हंगामा हुआ। बाद में पुलिस के पहुंचने पर महिला ने पूजा-अर्चना की। अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मंदिर में पूजा करने गई थी महिला
35 वर्षीय प्रवेश देवी पत्नी राजेश बाल्मीकि शनिवार को कस्बा की स्टेट बैंक के सामने मां दुर्गा मंदिर में पूजा करने पहुंची, तो पुजारी संजीव मिश्रा ने उसे मंदिर में घुसने से रोक दिया। आरोप है कि महिला ने जब इस बात का विरोध किया तो पुजारी ने महिला से जातिसूचक शब्द कहे। साथ ही कहा कि तुम्हारा मंदिर दूसरा है यहां क्यों आई हो। प्रवेश देवी ने इसका विरोध किया तो पुजारी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। जानकारी पर महिला के परिजन पहुंच गए, जिन्होंने जमकर हंगामा किया।
दोनों पक्षों को समझा कर शांत किया
सूचना पर पहुंची पुलिस व आर्य समाज के पंकज आर्य व पंकज माहेश्वरी ने दोनों पक्षों को समझा कर शांत किया। तब जाकर दलित महिला ने पूजा अर्चना की। इस बारे में जब पुजारी संजीव से बात कीे तो उन्होंने बताया कि महिला से केवल जाति पूछी थी। मंदिर में घुसने नहीं रोका। आरोप निराधार हैं। कोतवाल समय ङ्क्षसह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था, लेकिन किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।