विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हज-2027: मेडिकल जांच में किसी यात्री ने बीमारी छिपाई तो जब्त होगी राशि, ये हैं गाइडलाइंस

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 15 Sep 2026 02:05 PM (IST)

हज 2027 की तैयारी शुरू हो गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। हज-2027 की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस प्रमाणपत्र को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत जिले के चयनित यात्रियों को भी निर्धारित सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर मेडिकल जांच करानी होगी।

जांच के बाद प्राप्त मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र को 15 अक्टूबर 2026 तक हज कमेटी की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य है। जिले से करीब चार सौ से अधिक लोगों ने आवेदन किए हैं। अगर किसी व्यक्ति द्वारा मेडिकल में जानबूझ कर कोई बीमारी छिपाई और जांच में अनफिट आया तो संबंधित की राशि जब्त की जाएगी

उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद तारिक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक हज यात्रा के लिए चयनित यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच प्रथम चरण में ही कराई जानी है। यात्रियों को जांच के बाद प्राप्त प्रमाणपत्र व रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखनी होगी।

ताकि हज यात्रा के दूसरे चरण में आवश्यकता पड़ने पर इसे प्रस्तुत किया जा सके। राज्य हज समिति ने यात्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मेडिकल जांच के दौरान किसी भी बीमारी की जानकारी न छिपाएं। अगर कोई भी व्यक्ति जांच के दौरान अनफिट पाया जाता है तो नियमानुसार उसकी हज यात्रा निरस्त की जाएगी और राशि वापस कर दी जाएगी।

अगर किसी हज यात्री द्वारा जानबूझ कर कोई बीमारी छिपाई और जांच में अनफिट पाया जाता है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। इसके अलावा जमा राशि भी जब्त कर ली जाएगी।


यात्रियों से अपील है कि वह मेडिकल जांच के दौरान कोई भी बीमारी न छिपाएं। सभी तथ्य मेडिकल टीम को बताएं। 15 अक्टूबर तक रिपोर्ट अपलोड करना अनिवार्य है।

-

निधि गोस्वामी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी