पुलिस गंभीर होती तो बच जाती उसके पति की जान Aligarh News
भाई द्वारा की गई हत्या के मामले में मृतक जीतू की पत्नी सोनम देवी व वृद्ध हरप्यारी देवी मां ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
अलीगढ़ जेएनएन। भाई द्वारा की गई हत्या के मामले में मृतक जीतू की पत्नी सोनम देवी व वृद्ध हरप्यारी देवी मां ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गर्भवती पत्नी जलाली पुलिस चौकी शिकायत करने पहुंची थी, लेकिन पहली बार पुलिस ने टरका दिया, तथा दुबारा में 112 पर फोन करने की कह कर भगा दिया। जबकि महिला आधा घंटे तक गुहार लगाती रही। इसके एक घंटे बाद ही झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया और जीतू की जान चली गयी।
यह है मामला
जलाली में गुरुवार शाम को मकान के विवाद में एक भाई ने छोटे भाई की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। चाकूबाजी में बड़ा भाई भी घायल हो गया, जो अस्पताल में भर्ती है। जलाली में सुभाष पार्क के निकट मोहल्ला नसीर निवासी रामसनई के दो बेटे हैं। इनमें 33 वर्षीय जीतू व 45 वर्षीय ओमप्रकाश अलग-अलग मकान में परिवार के साथ रहते हैं। दोनों को सरकारी आवास मिले हुए हैं। एक गलीनुमा रास्ता है, जहां से दोनों परिवारों को निकलना होता है। इसे लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता है। गुरुवार को भी इसे लेकर झगड़ा हुआ।
जीतू पर चाकू से हमला कर दिया
जीतू की पत्नी का आरोप है कि बड़े भाई ओमप्रकाश नशे में आया और गालीगलौज करने लगा। यह बात जीतू को बर्दाश्त नहीं हुई तो दोनों में मारपीट होने लगी। तब मामला शांत हो गया। शाम करीब छह बजे फिर से ओमप्रकाश आया और गालीगलौज की। इस बार जीतू पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जीतू ने भी चाकू से वार किए। जीतू के पेट में चाकू लगने से काफी खून बह गया। ओमप्रकाश के कंधे पर चाकू लगा। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जीतू को मृत घोषित कर दिया गया। ओमप्रकाश की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। जीतू की पत्नी गर्भवती है। उस पर छह साल का बेटा आदित्य व चार साल की बेटी पायल है।